स्क्वैश कोच बनने का सुनहरा अवसर, SRFI ने जारी किया कोच एजुकेशन प्रोग्राम का कैलेंडर

 

 

  • स्क्वैश कोच एजुकेशन प्रोग्राम 2026-27
  • इंट्रोडक्टरी से लेकर WSF लेवल-2 तक होंगे कोर्स, इच्छुक उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन

 

कानपुर, 22 जुलाई।

स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SRFI) ने वर्ष 2026-27 के लिए कोच एजुकेशन प्रोग्राम का कैलेंडर जारी कर दिया है। कार्यक्रम का उद्देश्य देशभर में अधिक संख्या में प्रशिक्षित एवं योग्य स्क्वैश कोच तैयार करना तथा खेल के विकास को नई गति देना है। यह जानकारी उत्तर प्रदेश स्क्वैश रैकेट्स एसोसिएशन के सचिव विनय पांडेय ने दी।

इंट्रोडक्टरी कोर्स से होगी शुरुआत

कोचिंग पाथवे का पहला चरण SRFI इंट्रोडक्टरी कोचिंग कोर्स होगा। इस कोर्स में प्रतिभागियों को स्क्वैश का सुरक्षित, व्यवस्थित और प्रभावी प्रशिक्षण देने के लिए आवश्यक सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने वाले उम्मीदवार निर्धारित पात्रता मानदंडों के अनुसार वर्ल्ड स्क्वैश फेडरेशन (WSF) लेवल-1 कोचिंग कोर्स के लिए पात्र होंगे।

इन लोगों के लिए है अवसर

इस कार्यक्रम में वर्तमान स्क्वैश कोच, पूर्व राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खिलाड़ी, शारीरिक शिक्षा शिक्षक, स्कूल एवं विश्वविद्यालयों के कोच, क्लब कोच तथा कोचिंग को करियर के रूप में अपनाने के इच्छुक खिलाड़ी आवेदन कर सकते हैं।

यह है कोर्स का कार्यक्रम

SRFI इंट्रोडक्टरी कोचिंग कोर्स – 6 से 8 अगस्त, जयपुर

SRFI इंट्रोडक्टरी कोचिंग कोर्स – 11 से 13 अगस्त, केरल

SRFI इंट्रोडक्टरी कोचिंग कोर्स – 24 से 26 अगस्त, अहमदाबाद

SRFI इंट्रोडक्टरी कोचिंग कोर्स – 28 से 30 अगस्त, गुवाहाटी

WSF लेवल-1 कोचिंग कोर्स – 9 से 13 सितंबर, मुंबई

WSF लेवल-1 कोचिंग कोर्स – 12 से 16 अक्टूबर, बेंगलुरु

WSF लेवल-1 कोचिंग कोर्स – 7 से 11 दिसंबर, कोलकाता

WSF लेवल-2 कोचिंग कोर्स – 14 से 20 मार्च 2027, चेन्नई

राज्य संघ के माध्यम से होगा चयन

विनय पांडेय ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार अपनी रुचि दर्ज कराने के लिए निर्धारित गूगल फॉर्म भर सकते हैं। सभी आवेदन संबंधित राज्य संघ के माध्यम से अग्रसारित किए जाएंगे। यदि आवेदन निर्धारित सीटों से अधिक प्राप्त होते हैं तो अंतिम चयन SRFI द्वारा उम्मीदवार की पृष्ठभूमि, कोचिंग अनुभव, प्रतिबद्धता और राज्य में स्क्वैश के विकास में संभावित योगदान को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

उन्होंने इच्छुक खिलाड़ियों एवं कोचों से राज्य सचिव के माध्यम से समय रहते अपना नाम अग्रसारित कराने की अपील की है।

 

 

Leave a Comment