- डॉ. वीरेंद्र स्वरूप पब्लिक स्कूल कैंट में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार कौशल
- अनन्या, शिवांश और विशेष बने मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, शाश्वत तिवारी और अनन्या सिंह ने शूटिंग प्रतियोगिता में मारी बाजी
कानपुर, 1 जून।
कानपुर जिला बास्केटबॉल संघ के तत्वावधान में इनफर्नो ग्रुप द्वारा आयोजित ‘श्री रागेन्द्र स्वरूप इनफर्नो 3×3 बास्केटबॉल प्रतियोगिता’ का शानदार समापन डॉ. वीरेंद्र स्वरूप पब्लिक स्कूल, कैंट में हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन नॉकआउट दौर के क्वार्टर फाइनल से लेकर फाइनल तक के रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

विद्यालय के सिंथेटिक एवं कृत्रिम रोशनी युक्त बास्केटबॉल कोर्ट पर खेले गए फाइनल मुकाबलों में अंडर-19 बालक वर्ग में ‘यूरो स्टेपर्स’ टीम ने ‘सोक्सर्स’ को 8-4 अंकों से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में ‘द फिक्सिएर्स’ ने बेहद रोमांचक मुकाबले में ‘ओजी होप्पेर्स’ को 3-2 अंकों से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं ओपन कैटेगरी के फाइनल में ‘लॉक डाउन क्रू’ ने ‘सीएसजेएमयू’ को 7-3 अंकों से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. सुषमा मंडल ने विजेता टीमों को “श्री रागेन्द्र स्वरूप कप” प्रदान कर सम्मानित किया। सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान किए गए, जबकि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को कानपुर जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर अंडर-19 बालिका वर्ग में अनन्या, सीनियर पुरुष वर्ग में शिवांश तथा अंडर-19 बालक वर्ग में विशेष को मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर (एमवीपी) का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त शूटिंग प्रतियोगिता में बालक वर्ग में शाश्वत तिवारी तथा बालिका वर्ग में अनन्या सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
इस अवसर पर कानपुर जिला बास्केटबॉल संघ के कार्यवाहक सचिव सुशील चंद्रा, कोषाध्यक्ष राकेश शुक्ल, विनोद गुप्ता, टेक्निकल हेड विनय पांडेय, स्पर्श, युवराज, सौरभ, अदब, करिश्मा, नीरज, विमल एवं विपिन सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।