दिव्यजोत के विस्फोटक नाबाद 163 रन, आमिर एकादश ने 8 विकेट से दर्ज की शानदार जीत

 

 

  • दीया नसीम खान स्मारक अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता
  • ब्लू वारियर्स ने आदित्य किचन गैलरी को 61 रन से हराया
  • सुपर ओवर के रोमांच में कैलाशा पॉलीमर्स ने स्पार्क इंटरनेशनल को दी मात

 

कानपुर, 15 जून।

कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से आबद्ध एवं स्पोर्टिंग यूनियन क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित तृतीय दीया नसीम खान स्मारक अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को खेले गए तीन मुकाबलों में युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दिव्यजोत सिंह के नाबाद 163 रन, आभास की घातक गेंदबाजी और सुपर ओवर के रोमांच ने दिन के मुकाबलों को यादगार बना दिया।

पहले मैच में आरपीसीए मैदान पर चन्द्रा क्रिकेट एकेडमी ने 35 ओवर में 3 विकेट पर 292 रन बनाए। अंश ने 87, उदयराज ने नाबाद 77 और अर्पित रे ने 52 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। जवाब में आमिर एकादश ने दिव्यजोत सिंह की तूफानी नाबाद 163 रन की पारी, किष यादव के 49 और रूद्र रावत के नाबाद 52 रन की बदौलत 32.5 ओवर में 2 विकेट पर 293 रन बनाकर 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। दिव्यजोत सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे मुकाबले में कानपुर साउथ-बी मैदान पर ब्लू वारियर्स ने 34 ओवर में 190 रन बनाए। उदित श्रीवास्तव ने 52 और अनुकल्प सैनी ने 32 रन का योगदान दिया। आदित्य किचन गैलरी की ओर से शव्य गुप्ता और स्कन्द सेंगर ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए आदित्य किचन गैलरी की पूरी टीम 24 ओवर में 129 रन पर सिमट गई। विशेष अग्निहोत्री ने 37 रन बनाए, जबकि ब्लू वारियर्स के आभास ने 29 रन देकर 5 विकेट झटककर टीम को 61 रन की जीत दिलाई। आभास को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

तीसरे और दिन के सबसे रोमांचक मुकाबले में कानपुर साउथ-ए मैदान पर कैलाशा पॉलीमर्स ने 35 ओवर में 7 विकेट पर 221 रन बनाए। आर्यन यादव और उन्मुक्त सिंह राठौर ने 61-61 रन की शानदार पारियां खेलीं। जवाब में स्पार्क इंटरनेशनल ने देव दुबे के शानदार 116 रन और स्पर्श राजपूत के 48 रन की मदद से 34.4 ओवर में 221 रन बनाकर स्कोर बराबर कर दिया।

मैच का फैसला सुपर ओवर में हुआ, जहां स्पार्क इंटरनेशनल 2 विकेट पर केवल 5 रन बना सकी। जवाब में कैलाशा पॉलीमर्स ने बिना विकेट खोए 5 गेंदों में 6 रन बनाकर रोमांचक जीत अपने नाम कर ली। शौर्य सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

Leave a Comment