- 11 प्रशिक्षार्थियों ने लिया प्रशिक्षण में भाग, दो महिला स्कोरर भी शामिल
कानपुर, 09 अगस्त।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय स्कोरिंग कार्यशाला का शुभारम्भ केसीए कार्यालय, चुन्नीगंज में हुआ। कार्यशाला के पहले दिन 11 प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें दो महिला स्कोरर अनुपम देवी एवं समृद्धि गुप्ता भी शामिल रहीं।
कार्यशाला का उद्घाटन केसीए सचिव कौशल कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर संयुक्त सचिव पी.एस. नेगी ने सचिव का स्वागत किया। स्कोररों को प्रशिक्षित करने के लिए बीसीसीआई पैनल के राम जी तिवारी ने स्कोरिंग से संबंधित नियमों एवं तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी। उन्होंने स्कोरिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा क्रिकेट मैच में स्कोरर की भूमिका के बारे में भी प्रशिक्षार्थियों को जानकारी दी।
कार्यशाला में राजेश सिंह भी उपस्थित रहे। सचिव कौशल कुमार सिंह ने बताया कि कार्यशाला के दूसरे दिन आज स्कोरिंग की कक्षा दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। कार्यशाला का उद्देश्य प्रशिक्षार्थियों को आधुनिक एवं नियमानुसार स्कोरिंग की जानकारी देकर दक्ष बनाना है।