जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप में 325 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

 

 

  • फ्रेशर्स वर्ग में कोरियन कॉम्बैट, दुर्गा प्रसाद विद्या निकेतन हंसपुरम और एम्स ताइक्वांडो एकेडमी का शानदार प्रदर्शन

 

कानपुर, 9 अगस्त।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में 8 एवं 9 अगस्त को कानपुर ताइक्वांडो कमेटी के तत्वावधान में आयोजित जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप में कानपुर के विभिन्न विद्यालयों एवं ताइक्वांडो एकेडमियों से लगभग 325 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि इंडिया ताइक्वांडो के कोषाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो के चेयरमैन डॉ. रजत आदित्य दीक्षित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का विकास नहीं करते, बल्कि बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और नेतृत्व क्षमता का भी निर्माण करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो के सचिव तुषार जी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ अभ्यास करने का आह्वान किया।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के फिजिकल एजुकेशन विभाग के हेड ऑफ डिपार्टमेंट श्रवण कुमार यादव ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए कानपुर ताइक्वांडो कमेटी को बधाई दी।

कार्यक्रम में कानपुर ताइक्वांडो कमेटी के उपाध्यक्ष रोमी सिंह एवं कन्वीनर सतीश कुमार सहित कमेटी के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, निर्णायक, खिलाड़ी एवं अभिभावक मौजूद रहे।

फ्रेशर्स वर्ग में एकेडमियों का दबदबा

प्रतियोगिता के फ्रेशर्स वर्ग में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। फ्रेशर्स पूमसे वर्ग में कोरियन कॉम्बैट मार्शल आर्ट्स एकेडमी ने ओवरऑल विजेता का खिताब हासिल किया। वहीं फ्रेशर्स पुरुष वर्ग में दुर्गा प्रसाद विद्या निकेतन हंसपुरम तथा फ्रेशर्स महिला वर्ग में एम्स ताइक्वांडो एकेडमी ओवरऑल विजेता रही।

सब-जूनियर गर्ल्स वर्ग में खिलाड़ियों ने जीते पदक

20 किग्रा से कम भार वर्ग में लायन एकेडमी की अन्वी मिश्रा ने स्वर्ण, एनएलके एकेडमी की प्रिशा यादव ने रजत तथा अटैक ताइक्वांडो की मोक्षिता यादव ने कांस्य पदक हासिल किया।

24 किग्रा से कम भार वर्ग में डीपीएस सर्वोदय नगर की इरा खंडेलवाल ने स्वर्ण तथा एनएलके एकेडमी की रिद्धिमा पांडे ने रजत पदक जीता।

29 किग्रा से कम भार वर्ग में लायन एकेडमी की शैली मिश्रा ने स्वर्ण पदक हासिल किया। एम्स ताइक्वांडो स्पोर्ट्स की दिव्यांशी चौधरी ने रजत, जबकि इसी एकेडमी की आरज़ू सिंह तथा एनएलके एकेडमी की आशिर्या यादव ने कांस्य पदक जीते।

38 किग्रा से कम भार वर्ग में कोरियन कॉम्बैट की अद्विका केडिया ने स्वर्ण तथा एम्स ताइक्वांडो स्पोर्ट्स की अनिका शुक्ला ने रजत पदक अपने नाम किया।

41 किग्रा से कम भार वर्ग में एम्स ताइक्वांडो स्पोर्ट्स की राशि शर्मा ने स्वर्ण, रुद्राक्षी त्रिपाठी ने रजत तथा सीएसजेएमयू ताइक्वांडो एकेडमी की कृतिका यादव ने कांस्य पदक हासिल किया।

प्रतियोगिता में पदक विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों एवं आयोजकों ने सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलता है और उन्हें जिला स्तर से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर मिलता है।

कानपुर ताइक्वांडो कमेटी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment