शूटिंग में शहर की बेटियों ने मचाया धमाल, आराध्या ने जीता गोल्ड तो नीतिका ने झटका सिल्वर

 

 

  • CBSE ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप में कानपुर की निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन

 

कानपुर, 12 अगस्त।

सुल्तानपुर के मिलेनियम वर्ल्ड स्कूल, पयागीपुर में 8 से 11 अगस्त तक आयोजित CBSE ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में कानपुर की युवा महिला निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर और प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विजन एंड रिफ्लेक्शन हाई परफॉर्मेंस राइफल शूटिंग अकादमी, बर्रा-8 तथा डीपीएस बर्रा-8 की कक्षा नौ की छात्रा आराध्या ने 10 मीटर एयर पिस्टल अंडर-14 महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। वहीं डीपीएस कल्याणपुर की कक्षा नौ की छात्रा नीतिका शर्मा ने 10 मीटर एयर राइफल अंडर-17 महिला वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया।

आराध्या ने जीता गोल्ड, नीतिका ने सिल्वर

आराध्या ने प्रतियोगिता में शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल अंडर-14 महिला वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। विजन एंड रिफ्लेक्शन हाई परफॉर्मेंस राइफल शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षण ले रही आराध्या लगातार अपने प्रदर्शन से प्रभावित कर रही हैं।

वहीं नीतिका शर्मा ने 10 मीटर एयर राइफल अंडर-17 महिला वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। नीतिका कल्याणपुर स्थित शूटिंग स्पोर्ट्स अकादमी में कोच अभय सिंह के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रही हैं।

नेशनल गेम्स के लिए क्वालीफाई

अकादमी के शूटर रुद्रांश बाजपेयी, पार्थ सारथी और मोहम्मद इमाद भी पूर्व में विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। इन खिलाड़ियों के साथ आराध्या और अन्य सफल निशानेबाजों ने आगामी CISCE और CBSE National Games के लिए क्वालीफाई किया है।

स्टेट चैंपियनशिप में भी आराध्या का जलवा

अकादमी के कोच एवं सचिव मयंक खाड़े ने बताया कि आराध्या लगातार अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। हाल ही में आयोजित 48वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में उन्होंने चार पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की थी।

दोनों युवा निशानेबाजों की सफलता पर साथी खिलाड़ियों में भी उत्साह है। अकादमी की संयोजक संध्या देवी, डॉ. देवेंद्र सिंह, पैरा शूटिंग कोच मोहम्मद उमर, कोच अभय सिंह सहित अन्य ने खिलाड़ियों को बधाई और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

Leave a Comment