- स्वराज इंडिया पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय प्रतियोगिता में 220 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, विभिन्न आयु वर्गों के विजेताओं का हुआ सम्मान
कानपुर, 10 जुलाई।
स्वराज इंडिया पब्लिक स्कूल में आयोजित दो दिवसीय सीआईएससीई (CISCE) साउथ जोन शतरंज प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के कुल 220 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें 154 बालक और 66 बालिकाएं शामिल रहीं। छह राउंड तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, जबकि अधिकांश वर्गों में डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला।

प्रधानाचार्या ने किया शुभारंभ
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या गीतिका जौहरी ने सफेद मोहरों के साथ पहली चाल चलकर किया। विद्यालय की को-ऑर्डिनेटर अनुराधा खन्ना ने मुख्य अतिथि का बुके देकर स्वागत किया। पहले दिन बालक वर्ग तथा दूसरे दिन बालिका वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए। प्रतियोगिता के समापन पर प्रधानाचार्या ने दोनों वर्गों के प्रथम तीन विजेताओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
चीफ आर्बिटर ने घोषित किए चयनित खिलाड़ी
प्रतियोगिता के उपरांत चीफ आर्बिटर रूपा शुक्ला ने बालक वर्ग तथा कुसुम शर्मा ने बालिका वर्ग के चयनित खिलाड़ियों की घोषणा की। प्रतियोगिता के संचालन में सहायक आर्बिटर के रूप में प्रशंसा वर्मा, कमल खेमानी और बाल गोविंद अवस्थी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन हरनीत कौर ने किया।
वीरेंद्र स्वरूप के खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
अंडर-14 बालक वर्ग में द चिन्टल स्कूल के आरव कुमार सिंह ने 5.5 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि डॉ. वीरेंद्र स्वरूप स्कूल के दक्ष सुराना, विनायक त्रिपाठी और शाश्वत सिंह क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहे। अंडर-17 बालक वर्ग में अथर्व सोनवानी ने 5.5 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि यश बाजपेई दूसरे, दक्ष पालीवाल तीसरे और दीपांक कटियार चौथे स्थान पर रहे। अंडर-19 बालक वर्ग में अथर्व गुप्ता विजेता बने, जबकि अभय मिश्रा दूसरे, दिशांतर गुलाटी तीसरे और आनंद अग्निहोत्री चौथे स्थान पर रहे।
बालिका वर्ग में अंडर-14 में कल्की सिंह ने पहला, दर्शिका द्विवेदी ने दूसरा, मेधावी अग्रवाल ने तीसरा तथा समृद्धि वर्मा ने चौथा स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में अंकिता त्रिवेदी ने छह अंकों के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। अवनी सिंह दूसरे और अनन्या अवस्थी तीसरे स्थान पर रहीं। अंडर-19 बालिका वर्ग में स्वराज इंडिया पब्लिक स्कूल की अनुश्री टंडन विजेता बनीं, जबकि अभिरती बाजपेई दूसरे और ध्रुवी बुधवानी तीसरे स्थान पर रहीं।