छत्रपति साहू जी महाराज विश्वविद्यालय बना ताइक्वांडो चैंपियन

 

 

 

  • अंतर-महाविद्यालयीय ताइक्वांडो एवं वुशू प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का दमखम
  • एस.एन. सेन बीवीपीजी कॉलेज में दो दिवसीय आयोजन, विभिन्न भार वर्गों में हुए रोमांचक मुकाबले

 

कानपुर, 20 फरवरी।

सत्र 2025-26 के अंतर्गत छत्रपति साहू जी महाराज विश्वविद्यालय परिसर में दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालयीय ताइक्वांडो एवं वुशू (पुरुष वर्ग) प्रतियोगिता का भव्य आयोजन एस.एन. सेन बीवीपीजी कॉलेज द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के लगभग 17 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान ताइक्वांडो (पुरुष वर्ग), वुशू (पुरुष एवं महिला वर्ग) तथा पूमसे (पुरुष वर्ग) की विभिन्न भार श्रेणियों में रोमांचक मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने तकनीक, संतुलन और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की सराहना प्राप्त की।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सुमन एवं शारीरिक शिक्षा विभाग की प्रो. प्रीति पांडे सहित सम्मानित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर प्रतियोगिता का विधिवत आरंभ कराया।

वुशू प्रतियोगिता का उद्घाटन विशिष्ट अतिथि प्रो. दीपाली निगम (विभागाध्यक्ष, शारीरिक शिक्षा विभाग) द्वारा किया गया।

खेल से निखरता है व्यक्तित्व

प्राचार्य प्रो. सुमन ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता को नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता, अनुशासन और आत्मविश्वास को भी सशक्त बनाते हैं। ताइक्वांडो जैसे मार्शल आर्ट्स विद्यार्थियों में साहस, संयम और आत्मरक्षा की भावना विकसित करते हैं। विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता प्रतिभाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का सशक्त मंच है।

मुख्य अतिथि ने कहा कि ताइक्वांडो और वुशू जैसे खेल प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ आत्मरक्षा और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देते हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. रोली मिश्रा एवं डॉ. कोमल सरोज का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर प्रो. मीनाक्षी व्यास, विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षकगण, खेल प्रशिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। महिला वर्ग ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा।

ताइक्वांडो क्योगी परिणाम

अंडर 54 किग्रा – विशाल कश्यप (रवि लाल हर देवी सिंह कॉलेज)

अंडर 58 किग्रा – सनी दिवाकर (श्री बाबू सिंह कॉलेज)

अंडर 63 किग्रा – कुनाल भाटी (सीएसजेएम यूनिवर्सिटी)

अंडर 68 किग्रा – सागर दिवाकर (गिर्राज देवी पीजी कॉलेज)

अंडर 74 किग्रा – राजकुमार (क्राइस्ट चर्च कॉलेज)

अंडर 80 किग्रा – अश्विन धर द्विवेदी (सीएसजेएम यूनिवर्सिटी)

अंडर 87 किग्रा – विक्रांत अग्निहोत्री (सीएसजेएम यूनिवर्सिटी)

ओवर 87 किग्रा – शिव सिंह (सीएसजेएम यूनिवर्सिटी)

पूमसे परिणाम

इंडिविजुअल – प्रणव ओझा (डीएएमएस कॉलेज)

टीम इवेंट – पारस सिंह, अर्जुन सिंह, अंतरिक्ष वर्मा

Leave a Comment