- फाइनल में भोला सिंह एकादश को 139 रनों से हराकर बना चैंपियन
कानपुर, 23 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन द्वारा आयोजित स्वर्गीय मोतीराम (एडवोकेट, पूर्व विधायक) अण्डर-15 क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में अरूण अवस्थी एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भोला सिंह एकादश को 139 रनों से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। कानपुर साउथ-ए मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में कान्हा भाटिया ने बेहतरीन शतकीय पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अरूण अवस्थी एकादश ने निर्धारित 35 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 280 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कान्हा भाटिया ने शानदार 106 रन बनाए, जबकि अभिनव कुमार पाठक ने 77 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। अहान साहू ने 24 और मृदुल अवस्थी ने 20 रन का योगदान दिया। भोला सिंह एकादश की ओर से वैदिक दीक्षित ने 2 विकेट हासिल किए।
281 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भोला सिंह एकादश की टीम 24.4 ओवरों में 141 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। अमरेन्द्र सिंह ने 41 और वैदिक दीक्षित ने 26 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। अरूण अवस्थी एकादश की ओर से मोहम्मद हन्जला ने घातक गेंदबाजी करते हुए 10 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि अनन्त कुमार ने 29 रन देकर 2 विकेट प्राप्त किए।
इस शानदार जीत के साथ अरूण अवस्थी एकादश ने प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। मैच में शतकीय पारी खेलने वाले कान्हा भाटिया को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।