- केसीए चयनकर्ताओं ने परखी युवा क्रिकेटरों की प्रतिभा
कानपुर, 23 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन (केसीए) द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसियेशन (यूपीसीए) अण्डर-23 टीम चयन हेतु ट्रायल का सफलतापूर्वक आयोजन कानपुर साउथ मैदान में किया गया। ट्रायल में कानपुर जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों के कुल 200 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। केसीए चयनकर्ता राकेश तिवारी एवं विकास यादव ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से अवलोकन करते हुए उनकी तकनीक, फिटनेस और खेल कौशल का मूल्यांकन किया।
चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों को अनुशासन, मेहनत और निरंतर प्रदर्शन पर ध्यान देने की सलाह देते हुए कहा कि प्रदेश स्तर पर चयन के लिए प्रतिभा के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता और फिटनेस भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
केसीए पदाधिकारियों ने बताया कि ट्रायल का उद्देश्य प्रतिभावान खिलाड़ियों को पहचानकर उन्हें उच्च स्तर पर खेलने का अवसर प्रदान करना है, जिससे कानपुर के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच मिल सके।