एंजल वूमेन की लगातार छठी जीत, पी.ए.सी., रिजर्व बैंक और वीनस क्लब भी विजयी

 

 

 

  • के.डी.एम.ए. क्रिकेट लीग में रोमांचक मुकाबले, अमित मेहरा और आदित्य पांडेय के शतकों ने लूटी महफिल

 

कानपुर, 15 मई।

Kanpur Cricket Association द्वारा आयोजित के.डी.एम.ए. क्रिकेट लीग में शुक्रवार को खेले गये चार मुकाबलों में एंजल वूमेन, पी.ए.सी., रिजर्व बैंक स्पोर्ट्स एंड रिक्रिएशन क्लब तथा वीनस क्लब ने शानदार जीत दर्ज की। एंजल वूमेन ने लगातार छठी जीत हासिल कर अपने शानदार प्रदर्शन को बरकरार रखा। प्रतियोगिता की जानकारी संघ के सचिव कौशल कुमार सिंह ने दी।

एंजल वूमेन ने बी.वी.एस. एकेडमी को 43 रन से हराया

गीता देवी-मेंटोरा मैदान पर खेले गये मुकाबले में एंजल वूमेन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35.4 ओवर में 143 रन बनाये। टीम की ओर से तृप्ति सिंह ने 37 तथा अर्चना देवी ने 34 रनों का योगदान दिया। बी.वी.एस. एकेडमी की ओर से शोभित यादव और सुमित यादव ने तीन-तीन विकेट हासिल किये, जबकि राज सिंह को दो सफलता मिली।

जवाब में बी.वी.एस. एकेडमी की पूरी टीम 38 ओवर में 100 रन पर सिमट गई। आदित्य सिंह गौर ने सर्वाधिक 18 रन बनाये। एंजल वूमेन की गेंदबाजी में सिद्धि मिश्रा, नंदिनी सिंह और एकता सिंह ने दो-दो विकेट लेकर टीम को 43 रन की जीत दिलाई।

आदित्य पांडेय के शतक से पी.ए.सी. की शानदार जीत

पी.ए.सी. मैदान पर खेले गये मैच में रोवर्स क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 240 रन पर 7 विकेट खोये। आयुष कुमार ने 69, इरफान अली ने 46 तथा अभिषेक यादव ने 44 रन बनाये। पी.ए.सी. की ओर से कुमार विनायक सिंह ने चार विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करते हुए पी.ए.सी. ने 30.4 ओवर में 5 विकेट पर 243 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। आदित्य पांडेय ने शानदार 101 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि आनंद दुबे ने नाबाद 58 और संदीप ने 41 रन बनाये। रोवर्स क्लब के लिए अक्षय सेन ने तीन विकेट लिये। पी.ए.सी. ने यह मुकाबला 5 विकेट से जीत लिया।

अमित मेहरा के तूफानी शतक से रिजर्व बैंक क्लब विजयी

कानपुर साउथ मैदान पर रोलैण्ड क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 189 रन पर 7 विकेट बनाये। कुलदीप श्रीवास्तव ने 45, सूर्यांश यादव ने नाबाद 40 तथा सौरभ मिश्रा ने 34 रन बनाये। रिजर्व बैंक की ओर से शिवम पांडेय ने दो विकेट लिये।

जवाब में रिजर्व बैंक स्पोर्ट्स एंड रिक्रिएशन क्लब ने मात्र 19.5 ओवर में 3 विकेट पर 190 रन बनाकर 7 विकेट से जीत दर्ज की। अमित मेहरा ने नाबाद 108 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि अमित मिश्रा ने 26 रन जोड़े। रोलैण्ड क्लब की ओर से विशाल कुमार गोंड को एक विकेट मिला।

रोमांचक मुकाबले में वीनस क्लब ने केस्को क्लब को हराया

आर.पी.सी.ए. मैदान पर वीनस क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 29.2 ओवर में 204 रन बनाये। अर्थव अवस्थी 40 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कुनाल निषाद ने 36 और कृष्णा पाल ने 30 रन का योगदान दिया। केस्को क्लब की ओर से मयूर तिवारी ने तीन विकेट लिये।

जवाब में केस्को क्लब की टीम निर्धारित 30 ओवर में 9 विकेट पर 200 रन ही बना सकी। मयूर तिवारी ने शानदार 64 रन बनाये। वीनस क्लब की ओर से लकी राजपूत और अमन सिंह ने तीन-तीन विकेट लेकर टीम को 4 रन की रोमांचक जीत दिलाई।

Leave a Comment