- “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के साथ डॉक्टरों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने किया योगाभ्यास
- योगाचार्यों ने बताए योग और प्राणायाम के लाभ, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिलाया संकल्प
कानपुर, 21 जून।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर न्यू एंजल हॉस्पिटल, किदवई नगर में इप्का लैबोरेटरीज लिमिटेड के सहयोग से “स्वस्थ आयु के लिए योग” विषय पर विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
योग शिविर में योगाचार्य दीक्षा गुप्ता एवं मानसी गुप्ता ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने अनुलोम-विलोम, ताड़ासन, वज्रासन, भुजंगासन तथा अन्य उपयोगी योग क्रियाओं के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के उपाय बताए। साथ ही नियमित योगाभ्यास के लाभों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आशीष कुमार गुप्ता, सुपरवाइजर शुभम गुप्ता, सूरज श्रीवास्तव, नर्सिंग स्टाफ तथा आसपास के क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर डॉ. आशीष कुमार गुप्ता ने कहा कि बढ़ती उम्र में हड्डियों, जोड़ों और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए योग सबसे सरल, सुरक्षित और प्रभावी उपाय है। नियमित योगाभ्यास से शरीर लचीला बना रहता है और उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को संतुलित रखने में सहायता मिलती है।
इप्का लैबोरेटरीज लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने उपस्थित लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने “स्वस्थ आयु के लिए योग” के संकल्प को अपनाते हुए नियमित योग करने का प्रण लिया।
न्यू एंजल हॉस्पिटल प्रबंधन ने इप्का लैबोरेटरीज लिमिटेड, डॉ. आशीष कुमार गुप्ता, शुभम गुप्ता, योगाचार्य दीक्षा गुप्ता, विक्रांत सिंह, मानसी गुप्ता एवं सूरज श्रीवास्तव सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।