- शाहजाद खान की 74 रनों की तूफानी पारी से थंडर स्टार्स ने दर्ज की छह विकेट से जीत, फाल्कन्स ने 10 विकेट से मुकाबला जीता; रेंजर्स, स्पोर्टिंग और पैराडाइज भी बने विजेता
कानपुर, 22 नवंबर।
शम्सी प्रीमियर लीग सीजन-14 में रविवार को क्रिकेट का रोमांच अपने चरम पर रहा। शहर के पांच अलग-अलग मैदानों पर खेले गए मुकाबलों में बल्लेबाजों ने आकर्षक पारियां खेलीं तो गेंदबाजों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। दिन के पांच मुकाबलों में शम्सी थंडर स्टार्स, शम्सी फाल्कन्स, शम्सी रेंजर्स, शम्सी स्पोर्टिंग और शम्सी पैराडाइज ने जीत दर्ज की। शाहजाद खान की विस्फोटक बल्लेबाजी, जिबरान हसन और साद हसन की नाबाद साझेदारी तथा हिफजुर रहमान की घातक गेंदबाजी दिन के प्रमुख आकर्षण रहे।
### शाहजाद खान के तूफानी 74 रनों से थंडर स्टार्स की छह विकेट से जीत
जेएमडी वर्ल्ड स्कूल, मैनावती मार्ग पर खेले गए मुकाबले में शम्सी थंडर स्टार्स ने पावर हिटर्स को छह विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पावर हिटर्स ने 25 ओवर में नौ विकेट पर 220 रन बनाए। फैसल तारिक ने 55, कप्तान शहाब ने 49 और अब्दुल मोमिन ने 30 रनों का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी थंडर स्टार्स की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। शाहजाद खान ने महज 34 गेंदों पर 74 रन ठोक दिए, जबकि कप्तान आजम ने 35 गेंदों पर 57 रनों की शानदार पारी खेली। खुर्शीद हसन खान ने 38 और उमर ने 15 रन बनाए। टीम ने 16.3 ओवर में चार विकेट खोकर 221 रन बनाते हुए छह विकेट से जीत हासिल की। शाहजाद खान को 74 रन और एक विकेट के प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पावर हिटर्स की ओर से हंजेला राशिद ने चार विकेट लिए।

### जिबरान-साद की नाबाद पारियों से फाल्कन्स की 10 विकेट से धमाकेदार जीत
पीएसी बी मैदान पर शम्सी फाल्कन्स ने शम्सी पैंथर्स को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए पैंथर्स ने 25 ओवर में आठ विकेट पर 164 रन बनाए। अदनान अयूब ने 46, जैद इस्लाम ने 39 और अरसलान इलाही ने 29 रन बनाए। फाल्कन्स की ओर से इमरान अहमद, जिबरान हसन, कप्तान साद हसन और अल्तमश अकरम ने दो-दो विकेट हासिल किए।
जवाब में फाल्कन्स के सलामी बल्लेबाजों ने विपक्षी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। जिबरान हसन ने 34 गेंदों पर नाबाद 77 रन और कप्तान साद हसन ने 42 गेंदों पर नाबाद 73 रन बनाए। दोनों ने बिना विकेट गंवाए 12.3 ओवर में ही टीम को 166 रन तक पहुंचा दिया। साद हसन को 73 रन और दो विकेट के ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

### हसन की नाबाद अर्धशतकीय पारी से रेंजर्स ने सात विकेट से जीता मुकाबला
एसआरएमएस क्रिकेट ग्राउंड पर शम्सी रेंजर्स ने शम्सी किंग वॉरियर्स को सात विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए किंग वॉरियर्स की टीम 25 ओवर में 129 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। राम रंजन ने 54 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। रेंजर्स की ओर से जीशान ने तीन और मोहम्मद बिलाल ने दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेंजर्स की शुरुआत खराब रही, लेकिन हसन और विनोद ने पारी को संभाल लिया। हसन ने 43 गेंदों पर नाबाद 55 रन और विनोद ने 44 गेंदों पर 44 रन बनाए। शिराज ने नाबाद 12 रन बनाकर जीत की औपचारिकता पूरी की। रेंजर्स ने 16 ओवर में तीन विकेट खोकर 130 रन बना लिए। हसन को उनकी शानदार अर्धशतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

### नो मर्सी का अर्धशतक, पिंटू भाई के ऑलराउंड प्रदर्शन से स्पोर्टिंग की जीत
एसएसजी ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में शम्सी स्पोर्टिंग ने ब्लीड ब्लू को पांच विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ब्लीड ब्लू ने 25 ओवर में नौ विकेट पर 173 रन बनाए। हैदर बेग ने 47, कप्तान अली शमशाद ने 34 और शुजा उस्मानी ने 27 रन बनाए। शम्सी स्पोर्टिंग की ओर से नासिर इकबाल ने तीन और इनामुर रहमान ने दो विकेट लिए।
174 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्पोर्टिंग की टीम को नो मर्सी ने 46 गेंदों पर 55 रन बनाकर मजबूत शुरुआत दिलाई। मोहम्मद माज ने 29 रन बनाए। पिंटू भाई ने 25 गेंदों पर नाबाद 30 और कबीर अहमद ने 16 गेंदों पर नाबाद 21 रन बनाकर टीम को 24.1 ओवर में पांच विकेट पर 178 रन तक पहुंचा दिया। पिंटू भाई को नाबाद 30 रन और एक विकेट के ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

### हिफजुर रहमान की घातक गेंदबाजी से पैराडाइज ने तीन रन से दर्ज की रोमांचक जीत
एलन हाउस ग्राउंड पर दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला शम्सी पैराडाइज और शम्सी नाइट राइडर्स के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पैराडाइज ने 25 ओवर में नौ विकेट पर 141 रन बनाए। कप्तान मोहम्मद फहद (रूशी) ने 26, नदीम अहमद ने 29 और सरफराज ने 19 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नाइट राइडर्स की टीम ने आखिरी तक संघर्ष किया। शाहरयार ने 36, शिजान ने 19 और काशिफ पठान ने 19 रन बनाए। हालांकि हिफजुर रहमान की घातक गेंदबाजी ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने 14 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। अली अब्बास ने भी दो विकेट चटकाए। नाइट राइडर्स की पूरी टीम 23.5 ओवर में 138 रन पर सिमट गई और पैराडाइज ने तीन रन से रोमांचक जीत दर्ज की। हिफजुर रहमान को नाबाद 11 रन और तीन विकेट के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।