बाल दिवस पर स्कॉलर मिशन स्कूल में खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन

 

 

  • एमराल्ड हाउस ने 40 अंकों के साथ जीती ओवरऑल चैंपियनशिप, रूबी हाउस रहा उपविजेता

 

कानपुर, 17 नवंबर।

बाल दिवस के अवसर पर स्कॉलर मिशन स्कूल, बैकुंठपुर, बिठूर रोड में खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। चार सदनों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में एमराल्ड हाउस ने 40 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि 38 अंकों के साथ रूबी हाउस दूसरे स्थान पर रहा।

विभिन्न आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए हुई गतिविधियां

कार्यक्रम में प्री-प्राइमरी के विद्यार्थियों के लिए मनोरंजक खेल एवं गतिविधियां आयोजित की गईं। कक्षा एक से तीन तक के विद्यार्थियों ने मूवी और मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया। वहीं, कक्षा चार से 12 तक के विद्यार्थियों के बीच इंटर हाउस खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें फुटबॉल, टग ऑफ वॉर, कबड्डी, शतरंज, बैडमिंटन, स्केटिंग और ताइक्वांडो जैसी प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। एमराल्ड, रूबी, सफायर और सिट्रीन हाउस के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

एमराल्ड हाउस ने मारी बाजी

सभी प्रतियोगिताओं में प्राप्त अंकों के आधार पर ओवरऑल चैंपियनशिप का परिणाम घोषित किया गया। इसमें एमराल्ड हाउस ने 40 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। रूबी हाउस 38 अंकों के साथ दूसरे, सिट्रीन हाउस 28 अंकों के साथ तीसरे और सफायर हाउस 24 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहा। एमराल्ड और रूबी हाउस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली।

खेलों से विकसित होती है नेतृत्व क्षमता : डॉ. रीता सक्सेना

विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. रीता सक्सेना ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी निरंतर भाग लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में खेल प्रभारियों, शिक्षकगण, हाउस कैप्टन, हाउस प्रीफेक्ट एवं खेल विभाग का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षकों एवं खेल विभाग द्वारा किया गया।

Leave a Comment