हास्य के ठहाकों से गूंजा लाजपत भवन, संवेदनशील गीतों ने छुआ श्रोताओं का दिल

 

 

 

  • सुमिरन के 17वें राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में देशभर के कवियों ने बांधा समां, हास्य-व्यंग्य और गीतों की प्रस्तुतियों से देर रात तक सजी काव्य महफिल

 

कानपुर, 15 नवंबर।

स्वर्गीय केजी तिवारी की स्मृति में सुमिरन संस्था की ओर से आयोजित 17वें राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में हास्य, व्यंग्य, गीत और संवेदनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। लाजपत भवन में आयोजित इस साहित्यिक आयोजन में देश के विभिन्न शहरों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। कभी हास्य और व्यंग्य की फुहारों ने सभागार को ठहाकों से गुंजायमान किया तो कभी प्रेम, भक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े गीतों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद रमेश अवस्थी ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में ब्रिगेडियर रजनेश उपस्थित रहे। सुमिरन के संयोजक आकर्षण तिवारी एडवोकेट ने अतिथियों और कवियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कवयित्री डॉ. सरिता शर्मा ने की, जबकि संचालन कवि हेमंत पांडे ने किया। अंत में कवि मुरली परिहार ने आभार व्यक्त किया।

### जीवन की सच्चाइयों और समय के फेर पर हुई बात

कवि प्रियांशु गजेन्द्र ने अपनी रचनाओं के माध्यम से समय की परिवर्तनशीलता और जीवन की परिस्थितियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी पंक्तियां ‘दिनों-दिनों का फेर-फेर में क्या राजा क्या रानी, एक दिन राजा हरिश्चंद्र ने भरा डोम घर पानी…’ ने जीवन में समय के महत्व और परिस्थितियों के बदलाव का संदेश दिया। उनकी पंक्तियों ‘ये समझाते हैं, दिन से क्या घबराना, दिन तो आते-जाते हैं’ पर श्रोताओं ने खूब सराहना की।

कवयित्री डॉ. सरिता शर्मा ने मोहब्बत, वफा और मानवीय संवेदनाओं को सामाजिक यथार्थ से जोड़ते हुए कहा, ‘मोहब्बत, प्यार, चाहत या वफा कुछ भी नहीं होता, न एहसासात होते तो यहां कुछ भी नहीं होता।’ गरीबी और आर्थिक असमानता पर उनकी पंक्तियों ने भी श्रोताओं को सोचने पर मजबूर किया।

### राम मंदिर और बेटियों पर रचनाओं ने बटोरी सराहना

रीवा से आए कवि अमित शुक्ला ने राम मंदिर और अहिल्या प्रसंग को अपनी विशिष्ट कल्पना से जोड़ते हुए प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उनकी पंक्तियां ‘कहानी राम की मेरी कोई प्यारी न बन जाए, हमारे राम का मंदिर चमत्कारी न बन जाए…’ ने श्रोताओं का ध्यान आकर्षित किया।

दिल्ली की कवयित्री प्रीति त्रिपाठी ने बेटियों के स्नेह, सौंदर्य और परिवार में उनके महत्व को गीत के माध्यम से अभिव्यक्त किया। उनकी पंक्तियां ‘दिल में उमंग लिए, हिरणी के ढंग लिए, देहरी की आब होती हैं, बेटियां गुलाब होती हैं’ पर सभागार तालियों से गूंज उठा।

### राजनीतिक व्यवस्था पर व्यंग्य, श्रोताओं ने लगाए ठहाके

ग्वालियर के व्यंग्यकार तेज नारायण शर्मा ने अपनी धारदार रचनाओं से राजनीतिक व्यवस्था और सामाजिक विसंगतियों पर तीखे प्रहार किए। उनकी पंक्तियां ‘मंच जबसे अर्थदायक हो गए, तोतले भी गीत गायक हो गए। राजनैतिक मूल्य कुछ ऐसे गिरे, जेबकतरे तक विधायक हो गए’ ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया।

उन्होंने शहरों की बदहाल व्यवस्था और राजनीतिक स्वार्थ पर भी तंज कसते हुए सुनाया, ‘सड़क रास्ते जाम कराकर, जलवा अपने नाम कराकर, सभी मसीहा लौट चुके हैं, शहर में कत्लेआम कराकर।’ वहीं राम और शबरी के प्रसंग पर आधारित उनकी पंक्तियों ‘रघुनंदन अब तो आ जाओ, शबरी बेर लिए बैठी है’ ने भक्ति और प्रतीक्षा का भाव जगाया।

### प्रेम और रिश्तों की मिठास का दिया संदेश

ग्वालियर के गीतकार राजकिशोर शर्मा ‘राज’ ने प्रेम, श्रद्धा और मानवीय रिश्तों की महत्ता को अपनी रचनाओं में पिरोया। उन्होंने सुनाया, ‘मुख से मीठे वचन बोलकर देख लो, प्रेम श्रद्धा का रंग घोलकर देख लो। पीर पर्वत सी पल में पिघल जाएगी, द्वार दिल के जरा खोलकर देख लो।’ उनकी रचना ने प्रेम, आत्मीयता और सकारात्मकता का संदेश दिया।

संयोजक आकर्षण तिवारी एडवोकेट ने कहा कि कवियों की प्रस्तुतियों ने सम्मेलन को महज मनोरंजन का मंच न बनाकर सामाजिक सरोकारों, मानवीय संवेदनाओं और सांस्कृतिक चेतना से जोड़ने का काम किया। स्वर्गीय केजी तिवारी की स्मृति में आयोजित यह सम्मेलन साहित्य और कविता के प्रति सुमिरन संस्था की प्रतिबद्धता का प्रतीक बना।

Leave a Comment