यूनाइटेड चैंपियंस लीग सीजन-2: ए-टीम, एस्पायरिस और जेबीके-11 ने दर्ज की शानदार जीत

 

  • अनुराग राठौर और कोको क्लार्क ने खेली अर्धशतकीय पारियां, एस्पायरिस ने रोमांचक मुकाबले में एक विकेट से मारी बाजी
  • तीन अलग-अलग मैदानों पर खेले गए लीग मुकाबलों में दिखा खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, गेंदबाजों ने भी बिखेरी चमक

 

कानपुर, 15 नवंबर।

यूनाइटेड चैंपियंस लीग (UCL) सीजन-2 में रविवार को खेले गए तीन लीग मुकाबलों में ए-टीम यूसीएल, एस्पायरिस यूसीएल और जेबीके-11 यूसीएल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। आरएलबी, राष्ट्रीय क्रिकेट और टीएसएच पालिका ग्राउंड पर खेले गए मुकाबलों में बल्लेबाजों के आक्रामक तेवर के साथ गेंदबाजों की धार भी देखने को मिली। जहां ए-टीम ने 61 रनों से बड़ी जीत दर्ज की, वहीं एस्पायरिस ने एक विकेट और जेबीके-11 ने चार विकेट से मुकाबला अपने नाम किया।

अनुराग राठौर के अर्धशतक से ए-टीम की 61 रनों से जीत

आरएलबी ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में ए-टीम यूसीएल ने वी वॉरियर्स यूसीएल 2026 को 61 रनों से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ए-टीम ने 30 ओवर में नौ विकेट पर 233 रन बनाए। अनुराग राठौर ने 31 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 52 रनों की आक्रामक पारी खेली। कुलदीप सिंह केडी ने 38, अमित99 ने 37 और पीएम-1 ने 30 रन बनाए। वी वॉरियर्स के गोलू ने 36 रन देकर चार विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वी वॉरियर्स की टीम नौ विकेट पर 172 रन ही बना सकी। विनय चौबे ने नाबाद 40, रोहित धवन ने 37 और राज सचान ने नाबाद 26 रन बनाए। ए-टीम की ओर से आशु आकाश ने तीन, जबकि राहुल ठाकुर और शिवम पांडे ने दो-दो विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।

एस्पायरिस ने एक विकेट से जीता रोमांचक मुकाबला

राष्ट्रीय क्रिकेट ग्राउंड पर एस्पायरिस यूसीएल और नाइट स्कॉर्चर्स यूसीएल के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। पहले बल्लेबाजी करते हुए नाइट स्कॉर्चर्स की टीम 26.1 ओवर में 175 रनों पर सिमट गई। अश्वनी राजपूत ने 49 गेंदों पर 56 रन और अविनाश कुमार ने 40 रनों की पारी खेली। एस्पायरिस की ओर से आकाश गुप्ता ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 23 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि यश गुप्ता ने तीन विकेट हासिल किए।

जवाब में एस्पायरिस यूसीएल ने नौ विकेट खोकर 27.3 ओवर में 176 रन बनाते हुए मुकाबला एक विकेट से जीत लिया। करमेंद्र पांडे ने 48, शादाब वारसी ने 33 और रजा खान ने 26 रन बनाए। अंतिम क्षणों में आकाश गुप्ता ने नाबाद 18 और अनुज यादव ने नाबाद 10 रन बनाकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। नाइट स्कॉर्चर्स की ओर से दरोगा पाठक ने चार विकेट लिए।

कोको क्लार्क की नाबाद पारी से जेबीके-11 ने मारी बाजी

टीएसएच पालिका ग्राउंड पर खेले गए तीसरे मुकाबले में जेबीके-11 यूसीएल ने स्कोरिंग विलोज यूसीएल को चार विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरिंग विलोज की टीम 29.4 ओवर में 167 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अजय ठाकुर ने 39, अंकुर ने 37 और विपिन यादव ने 27 रन बनाए। जेबीके-11 की ओर से अक्षय ने पांच ओवर में महज 10 रन देकर दो विकेट हासिल किए, जबकि राहुल त्रिवेदी ने भी दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

168 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जेबीके-11 ने 25.2 ओवर में छह विकेट पर 168 रन बनाकर जीत दर्ज की। कोको क्लार्क ने 44 गेंदों पर नाबाद 45 रनों की शानदार पारी खेली। विकेटकीपर बल्लेबाज रोहित गुप्ता ने 40 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। स्कोरिंग विलोज की ओर से अजय ठाकुर ने 20 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, लेकिन उनका प्रदर्शन टीम को जीत नहीं दिला सका।

 

 

Leave a Comment