अनूप जैन बने उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष, ए.के. रायजादा महासचिव निर्वाचित

 

 

  • केडीएमए वर्ल्ड स्कूल में आयोजित वार्षिक आम सभा में नई प्रबंधकारिणी का गठन, प्रदेश की 52 इकाइयों के 97 प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
  • शुभी गुप्ता और अजय संतोष की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों को सराहा, 2026-27 के लिए जीएम टूर्नामेंट और पांच जोन में चेस इन स्कूल कार्यक्रम की घोषणा

 

कानपुर, 15 नवंबर।

उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा का आयोजन केडीएमए वर्ल्ड स्कूल, केशवपुरम में किया गया। बैठक में वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ एसोसिएशन की नई प्रबंधकारिणी समिति का चुनाव संपन्न हुआ। इसमें अनूप जैन को अध्यक्ष और अनिल कुमार रायजादा को महासचिव चुना गया। आम सभा में प्रदेश की 52 इकाइयों के 97 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में ए.के. रायजादा ने वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान लखनऊ चेस एसोसिएशन के महासचिव आनंद सिंह ने प्रदेश में शतरंज के क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के अजय संतोष पर्वथारेड्डी ने इंटरनेशनल मास्टर (आईएम) की उपाधि हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। वहीं, शुभी गुप्ता ने राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया और मार्च 2026 में उज्बेकिस्तान में तीसरा वुमेन इंटरनेशनल मास्टर (डब्ल्यूआईएम) नॉर्म हासिल किया।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में शतरंज प्रशिक्षकों की क्षमता और दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में शतरंज को बढ़ावा देने और सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को इस खेल से जोड़ने के लिए संस्था की ओर से तीन हजार से अधिक शतरंज बोर्ड और मोहरों का वितरण किया गया।

आम सभा में ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष एवं FIDE जोन 3.7 के अध्यक्ष डॉ. संजय कपूर की विशिष्ट उपस्थिति आकर्षण का केंद्र रही। ए.के. रायजादा ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया।

नव निर्वाचित अध्यक्ष अनूप जैन ने वर्ष 2026-27 के लिए एसोसिएशन की आगामी योजनाओं की घोषणा की। इसके तहत जून-जुलाई 2027 में ग्रैंडमास्टर (जीएम) टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के पांच जोन में चेस इन स्कूल कार्यक्रम संचालित करने की योजना है। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि 30 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि वाली 63वीं सेठ एम.आर. जयपुरिया राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप का आयोजन वाराणसी में किया जाएगा।

नई प्रबंधकारिणी समिति में इन्हें मिली जिम्मेदारी

वर्ष 2026-27 के लिए गठित नई प्रबंधकारिणी में अनूप जैन अध्यक्ष, राजेश कुमार शाही, दीपक कुमार बजाज और अरविन्द कुमार सिंह उपाध्यक्ष तथा अनिल कुमार रायजादा महासचिव चुने गए। विनय आनन्द को कोषाध्यक्ष बनाया गया। अजय कुमार मिश्र, विजय कुमार, अतुल कुमार निगम और अनिल कुमार श्रीवास्तव को सहायक सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

समिति के सदस्यों में विपिन अग्निहोत्री, थॉमस सीजे, उमेश कुमार सिंह, आनंद सिंह, सुरेन्द्र कुमार, रविकान्त और अभिषेक शामिल हैं।

आम सभा में उमेश सिंह (बलिया), अनिल श्रीवास्तव (आगरा), तुषार सारस्वत (वाराणसी), ललित कपूर (सहारनपुर), जितेंद्र सिंह (गोरखपुर), विपिन अग्निहोत्री (शाहजहांपुर), लल्लन प्रसाद चौरसिया (देवरिया), सीपी सिंह (कुशीनगर), प्रमोद बिष्ट (मुरादाबाद), मनजीत सिंह (लखीमपुर), आलोक यादव (जौनपुर), सीजे थॉमस (महाराजपुर), अविनाश श्रीवास्तव (ललितपुर) और अतुल निगम (गौतमबुद्ध नगर) सहित विभिन्न जिलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Leave a Comment