अर्पित के खेल से रोलैण्ड क्लब बना चैंपियन

 

 

  • सत्यवीर गुप्ता स्मारक क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में एमयूसी क्लब को 64 रन से हराया, अर्पित बने प्लेयर ऑफ द मैच

 

कानपुर, 13 नवंबर।

अर्पित भदौरिया की शानदार 85 रनों की पारी और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत रोलैण्ड क्लब ने सत्यवीर गुप्ता स्मारक क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। कानपुर साउथ मैदान, किदवई नगर में खेले गए फाइनल मुकाबले में रोलैण्ड क्लब ने एमयूसी क्लब को 64 रनों से पराजित किया। अर्पित भदौरिया को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

अर्पित और मनीष ने दिलाई मजबूत शुरुआत

पहले बल्लेबाजी करते हुए रोलैण्ड क्लब ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 182 रन बनाए। अर्पित भदौरिया ने 85 रनों की आकर्षक पारी खेली, जबकि मनीष वर्मा ने 47 रन नाबाद और गोपाल सिंह ने 29 रन नाबाद बनाए। एमयूसी क्लब की ओर से राहुल सिंह ने 32 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

118 रन पर सिमटी एमयूसी क्लब की टीम

183 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमयूसी क्लब की टीम 19.4 ओवर में 118 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। राहुल सिंह और आराध्य मौर्य ने 21-21 रन, जबकि रिषभ गौर ने 20 रन बनाए। रोलैण्ड क्लब की ओर से फरजान अली ने 11 रन देकर तीन विकेट झटके। अर्जुन मिश्रा ने 22 रन पर तीन विकेट, विशाल गोंड ने छह रन पर दो विकेट और सात्विक शर्मा ने 30 रन देकर दो विकेट हासिल किए। इस तरह रोलैण्ड क्लब ने 64 रनों से शानदार जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

अर्पित भदौरिया बने प्लेयर ऑफ द मैच

फाइनल में 85 रनों की बेहतरीन पारी खेलने वाले अर्पित भदौरिया को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से आबद्ध स्पोर्टिंग यूनियन क्रिकेट क्लब की ओर से किया गया।

 

Leave a Comment