- स्पेशल ओलंपिक्स एशिया पैसिफिक 3×3 बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए NCC Prep-2 कैंप में लेंगे प्रशिक्षण
- 15 से 24 नवंबर तक गांधीनगर में आयोजित होगा तैयारी शिविर, 5 से 9 दिसंबर तक फिलीपींस में होगी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता
कानपुर, 7 नवंबर।
अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर उत्तर प्रदेश का परचम लहराने के लिए प्रदेश के दो प्रतिभाशाली एथलीट युवराज चौरसिया और सृष्टि सिंह तैयार हैं। स्पेशल ओलंपिक भारत की चयन प्रक्रिया में दोनों खिलाड़ियों के साथ उत्तर प्रदेश के दो कोच सत्येन्द्र सिंह यादव और कल्पना सिंह का भी चयन आगामी स्पेशल ओलंपिक्स एशिया पैसिफिक 3×3 बास्केटबॉल चैंपियनशिप की तैयारी के लिए आयोजित होने वाले NCC Prep-2 कैंप के लिए हुआ है। यह उपलब्धि प्रदेश के खेल जगत के लिए गौरव का विषय है।
गांधीनगर में होगा राष्ट्रीय तैयारी शिविर
स्पेशल ओलंपिक्स एशिया पैसिफिक 3×3 बास्केटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन 5 से 9 दिसंबर 2026 तक फिलीपींस में किया जाएगा। प्रतियोगिता से पहले चयनित खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की चुनौती के लिए तैयार करने के उद्देश्य से 15 से 24 नवंबर तक पंडित दीनदयाल एनर्जी यूनिवर्सिटी (PDEU), गांधीनगर, गुजरात में NCC Prep-2 कैंप आयोजित होगा। चयनित एथलीट और कोचों को 15 नवंबर को शिविर स्थल पर रिपोर्ट करना है।
ग्वालियर में हुई थी राष्ट्रीय चयन प्रक्रिया
कैंप के लिए राष्ट्रीय स्तर का चयन ट्रायल 13 से 15 सितंबर 2026 तक CDS, ग्वालियर, मध्य प्रदेश में आयोजित किया गया था। इसमें देशभर से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद उत्तर प्रदेश से एथलीट वर्ग में युवराज चौरसिया और सृष्टि सिंह तथा कोच वर्ग में सत्येन्द्र सिंह यादव और कल्पना सिंह ने जगह बनाई।
खिलाड़ियों और कोचों को दी बधाई
इस उपलब्धि पर छावनी परिषद कानपुर के मुख्य अधिशासी अधिकारी स्टीफन पी. डी., प्रशासनिक अधिकारी वंदना सिन्हा, उपाध्यक्ष लखन लाल ओमर, प्रधानाचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल और सीनियर फिजियोथेरेपिस्ट सुब्रतो भद्रा ने चयनित खिलाड़ियों एवं कोचों को बधाई दी। वहीं स्पेशल ओलंपिक भारत-उत्तर प्रदेश के पदाधिकारी मुकेश शुक्ला, एरिया डायरेक्टर संजीव दोहरे, स्पोर्ट्स सिलेक्शन कोऑर्डिनेटर मनोज सिंह और कृष्णा शर्मा ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।