सेंट एलायसियस स्कूल की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में येलो हाउस बना चैंपियन

 

  • दो दिवसीय खेल महोत्सव में छात्र-छात्राओं ने दिखाया दमखम, 405 अंक हासिल कर येलो हाउस ने पहला स्थान किया प्राप्त
  • रेड हाउस 385 अंकों के साथ दूसरे और ग्रीन हाउस 375 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा

 

कानपुर, 4 नवंबर।

सेंट एलायसियस हाई स्कूल, कैंट में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का बुधवार को उत्साह और उमंग के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा, कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन किया। अंकों के आधार पर येलो हाउस ने 405 अंक हासिल कर चैंपियनशिप अपने नाम की।

दौड़ से लेकर लंबी कूद तक दिखाया दमखम

प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर आर्ची बाल्ड डिसिल्वा ने खेलों की विधिवत घोषणा कर किया। दो दिनों तक चले आयोजन में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ के साथ बाधा दौड़, रिले दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, लंबी कूद और ऊंची कूद जैसी स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

येलो हाउस ने 405 अंकों के साथ मारी बाजी

प्रतियोगिता के अंतिम परिणामों में येलो हाउस ने 405 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, रेड हाउस 385 अंकों के साथ दूसरे और ग्रीन हाउस 375 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

खेल अनुशासन और टीम भावना का देते हैं संदेश

समापन समारोह में प्रधानाचार्य फादर आर्ची बाल्ड डिसिल्वा ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय प्रबंधक फादर लेंसी डिकोना ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और अच्छे संस्कार जरूरी हैं। विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए हमेशा प्रयासरत रहेगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

 

Leave a Comment