- अंडर-19 स्टेट क्रिकेट प्रतियोगिता में कानपुर मंडल को चैंपियन बनाने में निभाई अहम भूमिका, इटावा के वंश यादव और राहुल को भी राष्ट्रीय टीम में मिली जगह
- पांच मैचों में 186 रन बनाने के साथ तीन विकेट झटके, फाइनल में 60 रन की नाबाद पारी खेलकर दिलाई जीत
कानपुर, 4 नवंबर।
70वीं विद्यालयीय राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए कानपुर मंडल के तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें मंडल की अंडर-19 टीम के कप्तान तुषार पॉल भी शामिल हैं। तुषार ने हाल ही में कानपुर में संपन्न हुई 70वीं विद्यालयीय राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कानपुर मंडल को विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
पांच मैचों में बनाए 186 रन, तीन विकेट भी लिए
सर्वेश तिवारी ने बताया कि मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में 11 से 17 नवंबर तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय विद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए तुषार पॉल का चयन हुआ है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में तुषार ने पांच मुकाबलों में 186 रन बनाए और तीन विकेट हासिल किए। फाइनल मुकाबले में उनकी 60 रन की नाबाद पारी और एक विकेट ने कानपुर मंडल को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इटावा के दो खिलाड़ियों को भी मिला मौका
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए कानपुर मंडल से इटावा के विकेटकीपर-बल्लेबाज वंश यादव और बल्लेबाज राहुल का भी चयन किया गया है। तीनों खिलाड़ियों के चयन से खेल जगत में खुशी का माहौल है।
खेल अधिकारियों ने दी बधाई
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी, सह जिला विद्यालय निरीक्षक प्रशांत द्विवेदी, अनुराग मिश्रा, सर्वेश तिवारी, सत्य प्रकाश तिवारी, नीरज मिश्रा, सुधांशु त्रिपाठी, आशीष सिंह, ब्रजेश अवस्थी, अल्का द्विवेदी, दया शंकर, साउद अली और हरि किशन शुक्ला ने बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।