- NCC कैडेट्स ने साइकिलिंग रैली के साथ दिया फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली का संदेश
- 50 NCC कैडेट्स एवं अधिकारियों ने लिया हिस्सा, यूपी-उत्तराखंड के 100 खेलो इंडिया केंद्रों के 1,500 प्रतिभागियों ने वर्चुअल माध्यम से की सहभागिता
लखनऊ, 1 नवंबर।
फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र (NSRC), लखनऊ में राष्ट्रीय एकता दिवस की थीम पर ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल के NCC कैडेट्स एवं अधिकारियों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 50 कैडेट्स और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के 100 खेलो इंडिया केंद्रों के करीब 1,500 प्रतिभागी भी वर्चुअल माध्यम से इस फिटनेस पहल से जुड़े।

जुम्बा, योग और फिटनेस गतिविधियों से हुई शुरुआत
SAI NSRC लखनऊ के क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी आत्मप्रकाश के नेतृत्व में शांति नगर, कानपुर रोड स्थित परिसर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत जुम्बा और योग सत्रों से हुई। इसके बाद प्रतिभागियों के लिए स्किपिंग और पुश-अप चैलेंज जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। इनके माध्यम से नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को रेखांकित किया गया।

पांच किलोमीटर की साइकिलिंग रैली में दिखा उत्साह
फिटनेस गतिविधियों के बाद परिसर में पांच किलोमीटर की साइकिलिंग रैली निकाली गई। इसमें NCC कैडेट्स, एसोसिएट NCC अधिकारी (ANO) और स्थानीय फिटनेस प्रेमियों ने हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से साइकिलिंग को शारीरिक स्वास्थ्य बनाए रखने और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम बताया गया। इस अवसर पर ANO रवि मिश्रा एवं प्रशांत त्रिपाठी भी मौजूद रहे। उन्होंने युवाओं को अनुशासन और खेलों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।

100 खेलो इंडिया केंद्रों से जुड़े 1,500 प्रतिभागी
कार्यक्रम का दायरा बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 100 खेलो इंडिया केंद्रों (KICs) से लगभग 1,500 प्रतिभागियों ने अपने-अपने केंद्रों से वर्चुअल सहभागिता की। इस पहल के जरिए फिटनेस और सामुदायिक भागीदारी का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाया गया। कार्यक्रम में फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया योजना के तहत संचालित गतिविधियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। प्रतिभागियों को टी-शर्ट और जलपान वितरित किया गया।
खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील
SAI NSRC लखनऊ के वरिष्ठ अधिकारियों लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह (निदेशक), मनीष कुमार (सहायक निदेशक) एवं प्रवीण कुमार सी.एम. (सहायक निदेशक) ने आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल और शारीरिक व्यायाम को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना स्वस्थ, सक्रिय और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम का समापन फिटनेस, खेलों और सामुदायिक सहभागिता के संदेश के साथ हुआ।