‘हर घर शतरंज’ ओवरऑल चैंपियन बना पं. दीनदयाल स्कूल, 220 खिलाड़ियों ने दिखाई अपनी प्रतिभा

 

 

  • 12 आयु वर्गों में आयोजित हुई जिला स्तरीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता, छह से 19 वर्ष तक के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
  • अंडर-7 से अंडर-19 तक हुए पांच राउंड के मुकाबले, विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने हासिल किए शीर्ष स्थान

 

कानपुर, 1 नवंबर।

शतरंज को घर-घर तक पहुंचाने और बच्चों में इस खेल के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित प्रथम ‘हर घर शतरंज’ एकदिवसीय जिला स्तरीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का रविवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय, आजाद नगर में आयोजन किया गया। कानपुर स्कूल ऑफ चेस संस्था की ओर से कानपुर चेस एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में 220 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में अंडर-7, अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग सहित कुल 12 वर्गों में मुकाबले खेले गए। सभी वर्गों में खिलाड़ियों ने पांच-पांच राउंड के मुकाबलों में अपनी रणनीतिक क्षमता, एकाग्रता और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव ने प्रत्येक वर्ग में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं विद्यालय के विभागाध्यक्ष अजय मिश्रा ने विशेष पुरस्कार प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र एवं मेडल देकर उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता में पं. दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न आयु वर्गों में कई शीर्ष स्थान हासिल किए। इसी प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय को प्रतियोगिता की ओवरऑल चैंपियनशिप प्रदान की गई।

विभिन्न आयु वर्गों के विजेता खिलाड़ी

अंडर-7 बालक वर्ग: उत्कर्ष मिश्रा प्रथम, शिवांश साहू द्वितीय, अमरेंद्र प्रताप सिंह तृतीय रहे।

अंडर-7 बालिका वर्ग: स्वास्तिका मिश्रा प्रथम, एलिस गोस्वामी द्वितीय और मायशा सोनकर तृतीय स्थान पर रहीं।

अंडर-9 बालक वर्ग: अन्वय कटियार ने प्रथम, वेदांश शर्मा ने द्वितीय और अभिराज सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

अंडर-9 बालिका वर्ग: द्रिशा अग्रवाल प्रथम, मायरा गुप्ता द्वितीय और शांभवी मिश्रा तृतीय रहीं।

अंडर-11 बालक वर्ग: गौरव यादव प्रथम, अथर्व सिंह द्वितीय और सार्थक सुमंत प्रसाद तृतीय रहे।

अंडर-11 बालिका वर्ग: सान्वी ओमर प्रथम, न्यासा पोरवाल द्वितीय और मानस्वी श्रीवास्तव तृतीय स्थान पर रहीं।

अंडर-13 बालक वर्ग: आदित्य यादव प्रथम, अर्णव गुप्ता द्वितीय और आर्क चौरसिया तृतीय रहे।

अंडर-13 बालिका वर्ग: संस्कृति चौधरी प्रथम, आन्या गुप्ता द्वितीय और आन्या पटेल तृतीय स्थान पर रहीं।

अंडर-15 बालक वर्ग: शौर्य सहाय श्रीवास्तव प्रथम, संसार सहाय श्रीवास्तव द्वितीय और अध्ययन त्रिवेदी तृतीय रहे।

अंडर-15 बालिका वर्ग: समृद्धि श्रीवास्तव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

अंडर-19 बालक वर्ग: अरिहंत राजपूत प्रथम, शुभ अवस्थी द्वितीय और अनमोल कटियार तृतीय रहे।

अंडर-19 बालिका वर्ग: भव्या प्रताप प्रथम, श्रेया अवस्थी द्वितीय और प्रिंसी सिंह राजपूत तृतीय स्थान पर रहीं।

अंडर-7 बालिका वर्ग में याजुषी दुबे को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किया गया।

निर्णायकों और आयोजकों का रहा योगदान

प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक (Chief Arbiter) एफए सतेंद्र सिंह रहे। उनके साथ कमल खेमानी, कुसुम शर्मा, प्रशंसा वर्मा, राजेश शर्मा और अजीत कुमार मोनू ने निर्णायक की भूमिका निभाई। अतिथियों का स्वागत विद्यालय के शतरंज कोच विकास निषाद ने किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों, निर्णायकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment