- प्रसाद चव्हाण और नरेंद्र मंगले की शानदार बल्लेबाजी, विंटू यादव व ए. शनमुगम ने गेंदबाजी में चमक बिखेरी
कानपुर/चेन्नई, 31 अक्टूबर।
बियोंड लिमिट ट्रॉफी फिजिकल डिसएबिलिटी टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका पीडी टीम को 75 रन से पराजित कर दिया। चेन्नई स्थित सीएसके हाई परफॉर्मेंस सेंटर (CSK HPC) में खेले गए लीग मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 179 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 19.2 ओवर में 104 रन पर सिमट गई।
भारत की ओर से प्रसाद चव्हाण ने 43 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 45 रन बनाए। साइनाथ रेड्डी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 16 गेंदों पर 36 रन ठोके, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। नरेंद्र मंगले ने 21 गेंदों पर तीन छक्कों और दो चौकों की मदद से नाबाद 40 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। दीपेंद्र सिंह ने भी 24 गेंदों पर 31 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
180 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। उसकी ओर से मधु हर्षना ने 30 और उदया कुमारा ने 22 रन बनाए। मेनुरा अकरशा ने 15 रन का योगदान दिया।
भारत की ओर से ए. शनमुगम और विंटू यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए। राधिका प्रसाद, माजिद माग्रे, विक्रमजीत, चिंटू चौधरी और साइनाथ रेड्डी ने भी एक-एक विकेट लेकर श्रीलंका की पारी समेटने में अहम भूमिका निभाई। इस तरह भारतीय टीम ने मुकाबला 75 रन के बड़े अंतर से अपने नाम किया।