- उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के चेयरमैन हैं संजीव पाठक, आरएसएस में विभिन्न दायित्वों का कर चुके हैं निर्वहन
कानपुर, 29 अक्टूबर।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन में कानपुर को विशेष महत्व देते हुए जिले के 25 वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को प्रदेश कार्यसमिति में स्थान दिया गया है। इनमें खेल जगत की जानी-मानी हस्ती और उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के चेयरमैन संजीव पाठक भी शामिल हैं। उन्हें प्रदेश कार्यसमिति सदस्य का दायित्व मिलने से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ खेल जगत में भी उत्साह का माहौल है।
भाजपा प्रदेश संगठन में कानपुर के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को स्थान मिलना क्षेत्र में संगठन की सक्रियता और राजनीतिक महत्व को दर्शाता है। प्रदेश कार्यसमिति में संजीव पाठक के अलावा दिनेश राय, सुनील बजाज, पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया, सुरेश अवस्थी, सुनील साहू और सुनील तिवारी सहित कानपुर के 25 वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
संजीव पाठक खेल और संगठन, दोनों क्षेत्रों में सक्रिय रहे हैं। वह वर्तमान में उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के चेयरमैन हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। वर्तमान में वह भारतीय जनता पार्टी के आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक भी हैं।
प्रदेश कार्यसमिति में स्थान मिलने को उनके संगठनात्मक अनुभव और विभिन्न क्षेत्रों में सक्रियता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके इस नए दायित्व से खेल जगत से जुड़े लोगों में भी उत्साह है और उन्हें उम्मीद है कि इससे खेलों तथा खिलाड़ियों से जुड़े विषयों को संगठनात्मक स्तर पर और मजबूती से उठाने का अवसर मिलेगा।