- 70वीं विद्यालयीय स्टेट क्रिकेट प्रतियोगिता में देवीपाटन मंडल को 100 रनों से हराया
- तुषार पॉल, वंश यादव और राहुल यादव की शानदार बल्लेबाजी; कानपुर मंडल ने 154 रन बनाकर विपक्षी टीम को 54 रनों पर समेटा
कानपुर, 27 अक्टूबर।
70वीं विद्यालयीय स्टेट क्रिकेट प्रतियोगिता में कानपुर मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देवीपाटन मंडल को 100 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया। कानपुर मंडल की जीत में बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन के साथ गेंदबाज यथार्थ नागवंशी और तौफ़ीक़ की अहम भूमिका रही। यथार्थ ने हैट्रिक सहित चार विकेट झटके, जबकि तौफ़ीक़ ने तीन विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।
तुषार, वंश और राहुल ने संभाली बल्लेबाजी की कमान
मैच में कानपुर मंडल के कप्तान तुषार पॉल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। 15 ओवर के मुकाबले में कानपुर मंडल ने सात विकेट के नुकसान पर 154 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। कप्तान तुषार पॉल ने 36 रन, वंश यादव ने 32 रन, राहुल यादव ने 33 रन और अर्चित बनोधिया ने 20 रन का योगदान दिया। देवीपाटन मंडल की ओर से अभिजीत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए।
यथार्थ की हैट्रिक से बिखरी विपक्षी टीम
155 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी देवीपाटन मंडल की टीम कानपुर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। यथार्थ नागवंशी ने हैट्रिक सहित चार विकेट लेकर मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल दिया। तौफ़ीक़ ने तीन विकेट, शक्ति सिंह ने दो और अबू तल्हा ने एक विकेट हासिल किया। कानपुर मंडल की घातक गेंदबाजी के सामने देवीपाटन मंडल की पूरी टीम महज 54 रन पर सिमट गई। विपक्षी टीम की ओर से जाजिब रहमान ने सर्वाधिक 20 रन बनाए।
इस शानदार जीत के बाद कानपुर मंडल ने प्रतियोगिता के अगले चक्र में अपनी जगह पक्की कर ली। टीम के प्रदर्शन से उत्साहित अनुराग मिश्रा, सर्वेश तिवारी, नीरज मिश्रा, सत्य प्रकाश तिवारी, आशीष सिंह, अल्का द्विवेदी, शकील अंसारी, दया शंकर और संजय तिवारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।