- योगासन के जरिए खिलाड़ियों ने शारीरिक क्षमता, संतुलन, लचीलापन और एकाग्रता का किया प्रदर्शन
- डॉ. उमेश पालीवाल ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन, वरिष्ठ समाजसेवी रवि बाजपेयी ने किया समापन
कानपुर, 25 अक्टूबर।
कानपुर योगा एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित कानपुर योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 में रविवार को 18 से 55 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने अपनी योगासन प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों के माध्यम से शारीरिक क्षमता, संतुलन, लचीलापन और एकाग्रता का परिचय दिया। आयोजन का उद्देश्य योगासन खेल को बढ़ावा देने के साथ युवाओं एवं वयस्कों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

नियमित योगाभ्यास से बेहतर होता है शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. उमेश पालीवाल ने किया, जबकि समापन वरिष्ठ समाजसेवी रवि बाजपेयी ने किया। इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रतिदिन योगाभ्यास करना आवश्यक है। उन्होंने अपने स्वस्थ जीवन का श्रेय भी नियमित शारीरिक गतिविधियों और योगाभ्यास को दिया।

एसोसिएशन के पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कानपुर योगा एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रतीव निगम, महिला वर्ग की सचिव सोनाली धनवानी, आयोजन सचिव अमित कुमार एवं नेहा गुप्ता के साथ पूनम बाजपेई, अर्पित तिवारी, कंचन गुप्ता और तुषार अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सराहा
प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। कानपुर योगा एसोसिएशन ने योग के प्रचार-प्रसार और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के अपने संकल्प को दोहराया।