केसीए-ए ने 8 विकेट से दर्ज की जीत, उत्कर्ष और कृष्णा ने खेली उपयोगी पारियां

 

 

  • अंडर-13 कैंप के खिलाड़ियों के बीच एचबीटीयू मैदान पर खेला गया मुकाबला, केसीए-बी ने बनाए 124 रन

 

कानपुर, 24 अक्टूबर।

कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) की ओर से आयोजित अंडर-13 कैंप के लिए चुने गए 30 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच शनिवार को एचबीटीयू मैदान पर मुकाबला खेला गया। इसमें केसीए-ए (KCA-A) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केसीए-बी (KCA-B) को 8 विकेट से पराजित कर जीत दर्ज की।

केसीए-बी ने बनाए 124 रन

पहले बल्लेबाजी करते हुए केसीए-बी की टीम ने निर्धारित 30 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 124 रन बनाए। अनंत कुमार मिश्रा ने 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि वीर सिंह ने 17 और शिवांश कुमार सिंह ने 16 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में देवेश कार्तिक ने 21 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि माधव गुप्ता को 8 रन देकर 1 विकेट मिला।

उत्कर्ष और कृष्णा ने दिलाई जीत

लक्ष्य का पीछा करने उतरी केसीए-ए की टीम ने 29.3 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 125 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। उत्कर्ष द्विवेदी ने 49 रन और कृष्णा यादव ने 44 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। केसीए-बी की ओर से सजल श्रीवास्तव ने 11 रन देकर 1 विकेट और हर्षवर्द्धन ने 13 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। इस तरह केसीए-ए ने 8 विकेट से जीत दर्ज की।

 

Leave a Comment