कानपुर योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में 20 विद्यालयों के 210 विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम

 

 

  • सब-जूनियर वर्ग में ऑक्सफोर्ड स्कूल और जूनियर वर्ग में शीलिंग हाउस स्कूल ने हासिल किया प्रथम स्थान

 

कानपुर, 24 अक्टूबर।

कानपुर योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 में शहर के 20 विद्यालयों के 210 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। एलनहाउस पब्लिक स्कूल, खलासी लाइन में आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों ने विभिन्न योगासनों के माध्यम से शारीरिक संतुलन, लचीलेपन, एकाग्रता और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया।

ऑक्सफोर्ड और शीलिंग हाउस स्कूल ने मारी बाजी

प्रतियोगिता के सब-जूनियर वर्ग में ऑक्सफोर्ड स्कूल ने प्रथम, डीपीएस सर्वोदय नगर ने द्वितीय और वेंडी स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, जूनियर वर्ग में शीलिंग हाउस स्कूल प्रथम, दुर्गाप्रसाद विद्यानिकेतन द्वितीय और एलनहाउस पब्लिक स्कूल, पनकी तृतीय स्थान पर रहा।

 

नियमित योगाभ्यास और अनुशासन पर दिया जोर

कार्यक्रम में सुपर हाउस ग्रुप के स्पोर्ट्स मैनेजर शिरीष श्रीवास्तव और सुपर हाउस स्कूल के स्पोर्ट्स डायरेक्टर शशांक भूषण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित योगाभ्यास, अनुशासन और खेल भावना को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर अध्यक्ष अशोक सिंह, नेहा गुप्ता, प्रतीक निगम, सोनाली धनवानी, पूनम बाजपेयी और विपिन पाठिक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को योग के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

25 अक्टूबर को होगी वयस्क वर्ग की प्रतियोगिता

आयोजकों के अनुसार, चैंपियनशिप के अगले चरण में 25 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष से लेकर 55 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए योगासन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य सभी आयु वर्गों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना और योगासन खेल को व्यापक पहचान दिलाना है।

चैंपियनशिप के माध्यम से विद्यार्थियों में योग के प्रति रुचि, आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

Leave a Comment