कप्तान नेहा वर्मा की नाबाद 67 रनों की पारी से कानपुर मंडल को कांस्य पदक

 

 

  • अलीगढ़ मंडल को 46 रन से हराया, नेहा वर्मा बनीं नेशनल सिलेक्शन मुकाबलों की सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज
  • कानपुर मंडल ने 134 रन का लक्ष्य दिया, जवाब में अलीगढ़ की टीम 82 रन पर सिमटी

 

कानपुर, 17 अक्टूबर।

कप्तान नेहा वर्मा की शानदार बल्लेबाजी और दमदार नेतृत्व के दम पर कानपुर मंडल की टीम ने अंडर-19 नेशनल सिलेक्शन मुकाबलों में कांस्य पदक अपने नाम किया। तीसरे स्थान के लिए खेले गए 15 ओवर के मुकाबले में कानपुर मंडल ने अलीगढ़ मंडल को 46 रन से पराजित किया। नेहा वर्मा ने नाबाद 67 रनों की कप्तानी पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज भी चुना गया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए कानपुर मंडल की ओर से कप्तान नेहा वर्मा ने नाबाद 67 रन बनाए, जबकि सेजल यादव ने 25 रनों का योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों की उपयोगी पारियों की बदौलत कानपुर मंडल ने अलीगढ़ मंडल के सामने 134 रन का लक्ष्य रखा।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी अलीगढ़ मंडल की टीम कानपुर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 82 रन पर सिमट गई। इस तरह कानपुर मंडल ने 46 रन से शानदार जीत दर्ज करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।

नेहा वर्मा ने पूरे नेशनल सिलेक्शन मुकाबलों में अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया। उन्होंने विभिन्न मुकाबलों में कुल 212 रन बनाकर टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का खिताब अपने नाम किया। उनकी कप्तानी और निरंतर शानदार प्रदर्शन ने कानपुर मंडल की सफलता में निर्णायक भूमिका निभाई।

 

Leave a Comment