- 2 अक्टूबर को कागोशिमा के लिए होंगे रवाना, कोच वसंत कुमार सिंह करेंगे टीम का मार्गदर्शन
कानपुर, 1 अक्टूबर।
क्योकुशिन कराटे फाउंडेशन ऑफ इंडिया की ओर से जापान के कागोशिमा में आयोजित होने वाली 30वीं ड्रैगन कप-2026 इंटरनेशनल फुल कॉन्टैक्ट कराटे चैंपियनशिप में सेठ आनंदराम जैपुरिया स्कूल के पांच खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ी 2 अक्टूबर को जापान के लिए रवाना होंगे।
चयनित खिलाड़ियों में अव्यान डालमिया, विवान गर्ग, तनिश यादव, हिबा फारूकी और अबीर फारूकी शामिल हैं। टीम के साथ कोच वसंत कुमार सिंह भी जाएंगे। वसंत कुमार सिंह इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका निभा चुके हैं। पिछले वर्ष मार्च में उन्होंने रूस और कजाकिस्तान में आयोजित प्रतियोगिताओं में भी जज की भूमिका निभाई थी।
खिलाड़ियों के जापान रवाना होने पर जैपुरिया स्कूल के एजुकेशन डायरेक्टर हरीश संदूजा ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। स्कूल के प्रधानाचार्य गणेश तिवारी, उप प्रधानाचार्य महेश मिश्रा, जूनियर विंग की उप प्रधानाचार्य मधुश्री भौमिक, खेल विभाग के प्रमुख वीरेंद्र त्रिपाठी, सुशील चंद्रा, सौरभ श्रीवास्तव, अविनाश आकाश तथा समाजसेवी एवं खेलप्रेमी मोहम्मद उस्मान ने भी खिलाड़ियों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।