- फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला सम्मान
- विश्व फिजियोथेरेपी एडब्ल्यूएपी क्षेत्रीय सम्मेलन में देश-विदेश के विशेषज्ञों ने साझा किए आधुनिक उपचार और पुनर्वास के अनुभव
कानपुर, 28 सितंबर।
यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड फिजियोथेरेपी एडब्ल्यूएपी रीजनल कॉन्फ्रेंस-2026 में कानपुर के स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. स्टैनली ब्राउन पीटी को फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘सिग्निफिकेंट कंट्रीब्यूशन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। 26 और 27 सितंबर को आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजियोथेरेपिस्ट्स (आईएपी) ने की। सम्मेलन की थीम ‘फिटनेस फॉर ऑल: एम्पावरिंग कम्युनिटीज, बिल्डिंग इनक्लूसिव हेल्थ’ रही।
सम्मेलन में विभिन्न देशों से फिजियोथेरेपी, पुनर्वास और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, चिकित्सकों, शोधकर्ताओं एवं पेशेवरों ने सहभागिता की। वैज्ञानिक सत्रों में न्यूरो रिहैबिलिटेशन, स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपी और ऑर्थोपेडिक रिहैबिलिटेशन सहित विभिन्न क्षेत्रों में नवीनतम तकनीकों, उपचार पद्धतियों और वैज्ञानिक पुनर्वास पर चर्चा हुई। विशेषज्ञ सत्रों के साथ कार्यशालाएं, पैनल चर्चा और शोध प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं।
खिलाड़ियों की फिटनेस और पुनर्वास में योगदान
डॉ. स्टैनली ब्राउन लंबे समय से स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपी, इंजरी प्रिवेंशन, रिहैबिलिटेशन और परफॉर्मेंस एनहांसमेंट के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। इसी वर्ष उन्हें उत्तर प्रदेश सीनियर वॉलीबॉल टीम के फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में भी जिम्मेदारी मिली। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उन्होंने खिलाड़ियों की फिटनेस, चोट प्रबंधन, रिकवरी और पुनर्वास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सम्मेलन में मिला सम्मान खिलाड़ियों एवं मरीजों के पुनर्वास तथा फिजियोथेरेपी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किए जा रहे उनके प्रयासों की मान्यता है।
वैज्ञानिक उपचार और जागरूकता पर जोर
डॉ. स्टैनली ब्राउन ने कहा कि फिजियोथेरेपी केवल दर्द कम करने तक सीमित नहीं है। खेल चोटों, ऑपरेशन के बाद पुनर्वास, तंत्रिका संबंधी समस्याओं, मांसपेशियों और हड्डियों से जुड़ी समस्याओं तथा विभिन्न शारीरिक अक्षमताओं के बाद व्यक्ति को सामान्य दैनिक गतिविधियों और बेहतर कार्यक्षमता की ओर लौटाने में फिजियोथेरेपी की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए समय पर सही असेसमेंट और वैज्ञानिक उपचार आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि लोगों में फिजियोथेरेपी के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा खिलाड़ियों और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर एवं वैज्ञानिक पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
सम्मान प्राप्त करने पर डॉ. स्टैनली ब्राउन ने इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजियोथेरेपिस्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजीव झा, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. रुचि वार्ष्णेय, वर्ल्ड फिजियोथेरेपी एडब्ल्यूएपी तथा सम्मेलन के आयोजकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें खेल फिजियोथेरेपी, पुनर्वास और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा।