राष्ट्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में जुगल देवी के जय यादव व प्रखर द्विवेदी सेमीफाइनल में

 

 

  • राष्ट्रीय स्तर पर दोनों खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल कौशल, विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश का कर रहे प्रतिनिधित्व
  • राजस्थान, दक्षिण क्षेत्र और मध्य क्षेत्र को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

 

कानपुर, 23 सितंबर।

सरस्वती विद्या मंदिर, दीनदयाल नगर के प्रतिभाशाली टेबल टेनिस खिलाड़ी जय यादव एवं प्रखर द्विवेदी ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ कानपुर का भी गौरव बढ़ा है।

20 से 24 सितंबर तक सरस्वती विद्या मंदिर, सेक्टर-क्यू, अलीगंज, लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न क्षेत्रों से खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे जय यादव और प्रखर द्विवेदी ने तकनीकी कौशल, आत्मविश्वास, अनुशासन और प्रभावी खेल रणनीति का प्रदर्शन करते हुए लगातार जीत दर्ज की।

दोनों खिलाड़ियों ने राजस्थान को 3-2, दक्षिण क्षेत्र को 3-1 और मध्य क्षेत्र को 3-2 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में उन्होंने मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन किया। तेजतर्रार रिटर्न, सटीक शॉट्स, बेहतर तालमेल और दबाव की परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ किए गए प्रदर्शन ने खेलप्रेमियों को प्रभावित किया।

विद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि को नियमित अभ्यास, अनुशासित प्रशिक्षण और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम बताया। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सेमीफाइनल तक पहुंचना जय यादव और प्रखर द्विवेदी के साथ विद्यालय के खेल विकास के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. जगन्नाथ गुप्त, अध्यक्ष प्रेम चन्द गुप्त, कोषाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, प्रधानाचार्या डॉ. गीता सिंह तथा खेल प्रशिक्षक कमलेश यादव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।

 

Leave a Comment