- उत्कर्ष वर्धन सिंह और अंशिका यादव साहिबाबाद में पेश करेंगे दावेदारी
- विद्या भारती राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई, दोनों से पदक की उम्मीद
कानपुर, 9 सितंबर।
जय नारायण विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, विकास नगर के दो प्रतिभाशाली निशानेबाजों ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा के दम पर विद्या भारती राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। कक्षा 12 के छात्र उत्कर्ष वर्धन सिंह और कक्षा 9 की छात्रा अंशिका यादव प्रतियोगिता में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
9 से 12 सितंबर तक साहिबाबाद में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में उत्कर्ष वर्धन सिंह अंडर-17 बालक वर्ग की 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा, जबकि अंशिका यादव अंडर-14 बालिका वर्ग की 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में अपनी दावेदारी पेश करेंगी।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयनित होने वाले खिलाड़ियों को आगे स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। ऐसे में दोनों खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
विद्यालय के खेल प्रशिक्षक आशुतोष सत्यम झा ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों से इस बार पदक की पूरी उम्मीद है। उत्कर्ष और अंशिका इससे पूर्व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं और ओपन नेशनल प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर चुके हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक प्रोफेसर सुनील मिश्र, प्रधानाचार्य अनिल कुमार त्रिपाठी एवं उप प्रधानाचार्या डॉ. नमिता गुप्ता ने दोनों खिलाड़ियों को ट्रैक सूट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया और आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि उत्कर्ष वर्धन सिंह और अंशिका यादव अपने शानदार प्रदर्शन से विद्यालय के साथ-साथ कानपुर का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
JNV Inter College, Kanpur, Shooting Championship, Vidya Bharati National Shooting Competition, Utkarsh Vardhan Singh, Anshika Yadav, 10 Meter Pistol, SGFI, Sahibabad, National Shooting, Sports News