- सब-जूनियर स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप में कानपुर का शानदार आगाज
- कप्तान नवजोत के साथ शौर्य और अथर्व का भी बेहतरीन प्रदर्शन, कल गोरखपुर से होगा मुकाबला
कानपुर, 9 सितंबर।
आगरा में 7 से 14 सितंबर तक आयोजित हो रही सब-जूनियर स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप में कानपुर मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेरठ मंडल को 1-0 से पराजित कर दिया। रोमांचक मुकाबले में कानपुर की जीत के नायक पीयूष कन्नौजिया रहे, जिन्होंने पेनल्टी को गोल में तब्दील कर टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई।
मैच की शुरुआत में दोनों टीमों ने संभलकर खेलते हुए एक-दूसरे की रणनीति को परखने का प्रयास किया। मुकाबले के 19वें मिनट में मेरठ के डिफेंडर द्वारा पेनल्टी एरिया में हैंडबॉल किए जाने पर कानपुर को पेनल्टी मिली। कानपुर के पीयूष कन्नौजिया ने मौके का फायदा उठाते हुए शानदार गोल किया और टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ के अंत तक कानपुर की यही बढ़त कायम रही।
दूसरे हाफ में कानपुर के स्ट्राइकरों ने लगातार आक्रमण किए और बढ़त को मजबूत करने का प्रयास किया, लेकिन मेरठ की रक्षापंक्ति ने शानदार बचाव करते हुए कानपुर के कई प्रयासों को विफल कर दिया। वहीं, कानपुर के डिफेंस ने भी मेरठ के हमलों को रोकते हुए अपनी बढ़त बरकरार रखी। अंततः कानपुर मंडल ने 1-0 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
कानपुर की इस जीत में पीयूष कन्नौजिया, कप्तान नवजोत, शौर्य और अथर्व का प्रदर्शन विशेष रूप से प्रभावी रहा। टीम अब अपने अगले मुकाबले में 10 सितंबर को गोरखपुर मंडल के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
इस अवसर पर टीम के साथ सचिव अजीत सिंह, कोच एवं नेशनल खिलाड़ी अमित नारंग और आसिफ इकबाल, टीम मैनेजर अमित वर्मा, तथा सागरदीप, शैलेन्द्र रावत और विकासदीप मौजूद रहे।