- तेजस सिंह भदौरिया, कनिष्क श्रीवास्तव और अनुराधा प्रकाशगौड़ा ने शानदार प्रदर्शन कर हासिल किया नेशनल्स का टिकट
कानपुर, 7 सितंबर।
कानपुर के युवा निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिताओं में अपनी जगह पक्की कर शहर का नाम रोशन किया है। द परफेक्ट राइफल शूटिंग अकैडमी के तीन खिलाड़ियों ने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया।
हाल ही में देहरादून में संपन्न हुई 45वीं नार्थ जोन पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप में अकैडमी के तेजस सिंह भदौरिया और कनिष्क श्रीवास्तव ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों निशानेबाजों ने 400 में 357 अंक का स्कोर हासिल कर नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में अपनी जगह बनाई। कोच अमर निगम ने बताया कि तेजस सिंह भदौरिया ने महज पांच महीने की शूटिंग प्रैक्टिस के बाद यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि कम समय में इस स्तर का प्रदर्शन खिलाड़ी की मेहनत और प्रशिक्षण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस प्रतियोगिता में अकैडमी की ओर से तीन अन्य पिस्टल निशानेबाजों ने भी प्रतिभाग किया। इनमें कोच अमर निगम, रोहन कुमार और इमरान खान शामिल रहे।
वहीं, 3 से 8 सितंबर तक भोपाल की एमपी शूटिंग रेंज में आयोजित हो रही ऑल इंडिया कुमार सुरेंद्र सिंह इंटर स्कूल शूटिंग प्रतियोगिता में भी अकैडमी के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में अकैडमी की निशानेबाज अनुराधा प्रकाशगौड़ा केंचनगौद्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 400 में 384 अंक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर हासिल किया और नेशनल्स के लिए क्वालीफाई किया।
कोच अविरल निगम ने बताया कि अनुराधा ने महज चार महीने की ट्रेनिंग में यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सटीक प्रशिक्षण के साथ खिलाड़ी की लगातार मेहनत और लगन का परिणाम है। प्रतियोगिता में अकैडमी के दो अन्य राइफल निशानेबाज कार्तिक सोलंकी और पार्थ शुक्ला ने भी प्रतिभाग किया। दोनों खिलाड़ियों ने हाल ही में राइफल शूटिंग का अभ्यास शुरू किया है और प्रतियोगिता में अपने प्रदर्शन से अनुभव हासिल किया।
कोच अमर निगम ने बताया कि दिसंबर में प्रस्तावित नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप को लेकर अकैडमी के खिलाड़ी अभी से तैयारी में जुट गए हैं। खिलाड़ी पढ़ाई के साथ नियमित शूटिंग अभ्यास कर राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उनका लक्ष्य प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार के साथ-साथ कानपुर का नाम भी रोशन करना है।
अकैडमी की ट्रेजरर शुभा निगम, डायरेक्टर शहनूर रहमान और जॉइंट डायरेक्टर मिनी सिंह ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
Shooting Championship, National Shooting Championship, Pistol Shooting, Rifle Shooting, Kanpur Shooters, North Zone Shooting Championship, All India Kumar Surendra Singh Inter School Shooting Competition, MP Shooting Range, Dehradun, Bhopal, The Perfect Rifle Shooting Academy