- आईआईटी कानपुर के मुख्य स्टेडियम में अंडर-16 व अंडर-20 वर्ग की प्रतियोगिताएं हुईं
कानपुर, 6 सितंबर।
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन कानपुर की ओर से आईआईटी कानपुर के मुख्य स्टेडियम में आयोजित जिला एथलेटिक्स मीट का दूसरे दिन विभिन्न स्पर्धाओं के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता के दूसरे दिन अंडर-16 और अंडर-20 पुरुष एवं महिला वर्ग में कुल 61 इवेंट्स आयोजित किए गए, जिसमें 219 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया।

विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
समापन समारोह में प्रोफेसर एसके शुक्ला (होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज), मयंक तिवारी, भूपेंद्र सिंह और हरमीत सिंह नंदा ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
आयोजन समिति ने जताया आभार
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत आयोजन सचिव संजय खारा ने किया, जबकि बालिका कुमारी मोविका ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर रामनारायण और दीपक धनौवा सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अध्यक्ष ने की समापन की घोषणा
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन कानपुर के अध्यक्ष विजय कुमार देवगन ने प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की। वहीं, डॉ. नरेश चौधरी, सचिव, जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन कानपुर ने आयोजन में सहयोग के लिए आईआईटी कानपुर की शारीरिक शिक्षा समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर राहुल मंगल का विशेष आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने के साथ-साथ आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर प्रदान करती हैं।