- 431 खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण, पहले दिन 126 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
कानपुर, 4 सितंबर।
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित जिला एथलेटिक्स मीट का शुभारंभ आईआईटी कानपुर के मुख्य मैदान पर हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन स्पोर्ट्स एवं फिजिकल एजुकेशन कमेटी के अध्यक्ष प्रोफेसर राहुल मंगल ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर के.वी. आईआईटी कानपुर एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष मयंक गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की।

आयोजन सचिव ने किया अतिथियों का स्वागत
मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं निर्णायक मंडल का स्वागत आयोजन सचिव संजय खारा ने किया। वहीं कुमारी मोविका ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उद्घाटन अवसर पर जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय देवगन, अवैतनिक सचिव डॉ. नरेश चौधरी, दिनेश भदौरिया, रमेश मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।
431 प्रतिभागी पंजीकृत, 126 ने पहले दिन दिखाया दमखम
जिला एथलेटिक्स मीट के लिए कुल 431 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता के पहले दिन 126 खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। पहले दिन जैवलिन थ्रो, हाई जंप और हैमर थ्रो की स्पर्धाएं आयोजित हुईं।
जैवलिन थ्रो में प्रियंका, अर्पिता और स्नेहा ने जीते स्थान
जैवलिन थ्रो में अंडर-16 बालिका वर्ग में प्रियंका राजपूत, अंडर-20 बालिका वर्ग में अर्पिता वर्मा और महिला वर्ग में स्नेहा ने प्रथम स्थान हासिल किया। बालक अंडर-16 वर्ग में उत्कर्ष सिंह, अंडर-20 में विदित सैनी और पुरुष वर्ग में चंद्रभान विजेता रहे।
हाई जंप में मीनाक्षी, मोनिका और सूर्यवर्धन का शानदार प्रदर्शन
हाई जंप के अंडर-16 बालिका वर्ग में मीनाक्षी शुक्ला, अंडर-20 बालिका वर्ग में मोनिका तथा महिला वर्ग में भी मोनिका ने पहला स्थान प्राप्त किया। बालक अंडर-16 वर्ग में सूर्यवर्धन, अंडर-20 में सूरज कटियार और पुरुष वर्ग में प्रदीप कुमार विजेता रहे।
हैमर थ्रो में मीनाक्षी, सानिया दानिश और चंद्रभान अव्वल
हैमर थ्रो के अंडर-20 बालिका वर्ग में मीनाक्षी ने प्रथम स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में सानिया दानिश तथा पुरुष वर्ग में चंद्रभान ने बाजी मारी। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।