- राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी संघ ने केक काटकर किया हॉकी के जादूगर को नमन
कानपुर, 29 अगस्त।
हॉकी के महान खिलाड़ी एवं ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद के 121वें जन्मदिवस के अवसर पर शनिवार को कानपुर देहात स्टेडियम में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। हॉकी एसोसिएशन कानपुर देहात संघ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मेजर ध्यानचंद के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया गया।

ADM प्रशासन समेत खेल जगत से जुड़े लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में कानपुर देहात के ADM प्रशासन अमित कुमार, जिला खेल अधिकारी सुश्री नीलम सिद्दीकी, कानपुर देहात हॉकी संघ के अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह तोमर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. संजय भारती, सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी देवेन्द्र पॉल सहित संघ के सदस्य सुश्री मृदुला तिवारी, डॉ. दीपिका सिंह सेंगर आदि मौजूद रहे।
इस अवसर पर हॉकी संघ के अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह तोमर और वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. संजय भारती ने मुख्य अतिथियों का मोमेंटो एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।

बारिश के कारण हॉकी प्रतियोगिता स्थगित
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हॉकी प्रतियोगिता का भी आयोजन प्रस्तावित था, लेकिन अत्यधिक बारिश के कारण प्रतियोगिता को संपन्न नहीं कराया जा सका। हॉकी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन जल्द ही आगामी दिनों में किया जाएगा।

स्कूलों में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाने पर जोर
कार्यक्रम में हॉकी संघ के सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी देवेन्द्र पॉल ने कानपुर देहात में राष्ट्रीय खेल हॉकी को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने स्कूलों से आए प्रतिनिधियों से विद्यार्थियों के बीच हॉकी के प्रति रुचि और सोच विकसित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बच्चों को कम उम्र से ही हॉकी से जोड़ने के लिए स्कूल स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। साथ ही कानपुर देहात में जल्द ही राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता आयोजित कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
खिलाड़ियों, अभिभावकों और प्रशिक्षकों का जताया आभार
कार्यक्रम के समापन पर हॉकी संघ के अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह तोमर ने राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम में उपस्थित सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों एवं जिला खेल अधिकारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद की खेल भावना और उपलब्धियां आज भी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।