राजेंद्र स्वरूप स्पोर्ट्स अकादमी में मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस

 

 

  • खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने लिया रोजाना मैदान पर समय बिताने व मोबाइल से दूरी बनाए रखने का संकल्प

 

कानपुर, 29 अगस्त।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कल्याणपुर स्थित राजेंद्र स्वरूप स्पोर्ट्स अकादमी में विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने उत्साहपूर्वक खेल दिवस मनाया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

रोजाना 1 से 2 घंटे मैदान पर बिताने का संदेश

कार्यक्रम में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला गया। बच्चों को प्रतिदिन कम से कम एक से दो घंटे मैदान पर बिताने, नियमित शारीरिक व्यायाम करने और किसी न किसी खेल से सक्रिय रूप से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन और डिजिटल उपकरणों का बढ़ता इस्तेमाल बच्चों की शारीरिक गतिविधियों को प्रभावित कर रहा है। ऐसे में खेलों से जुड़ना उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी है।

मोबाइल से दूरी, खेलों से दोस्ती का संकल्प

इस अवसर पर खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों ने मोबाइल फोन के अनावश्यक उपयोग से दूर रहने, नियमित खेल एवं व्यायाम करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ ली। वक्ताओं ने कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है।

खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में कानपुर बैडमिंटन संघ के एग्जीक्यूटिव सेक्रेटरी आशुतोष सत्यम झा, सौरभ श्रीवास्तव, सत्यम कटियार, अमृतांश तिवारी, तनवीर अहमद, दीपाली सिंह, आयुष पटेल, साहिल श्रीवास्तव सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी खिलाड़ियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने और “खेलें, स्वस्थ रहें और मोबाइल से दूरी बनाए रखें” के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प दिलाया गया।

Leave a Comment