- ग्रीनपार्क में 11 दिनों में होंगे 12 मुकाबले, 99 रुपये से शुरू होंगे सामान्य टिकट
- फाइनल में मेगा लकी ड्रॉ समेत रोजाना करीब 100 पुरस्कार
- लीग का उद्देश्य अधिक से अधिक दर्शकों को स्टेडियम तक लाना और उन्हें क्रिकेट के साथ मनोरंजन का शानदार अनुभव उपलब्ध कराना: डॉ संजय कपूर
कानपुर, 21 अगस्त।
ग्रीनपार्क स्टेडियम एक बार फिर क्रिकेट के रोमांच से सराबोर होने जा रहा है। आगामी 28 अगस्त से छह सितंबर तक यहां यूपी टी-20 लीग के मुकाबले खेले जाएंगे। दर्शकों को स्टेडियम तक आकर्षित करने के लिए इस बार टिकट दरें किफायती रखी गई हैं। लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने शुक्रवार को वार्ता में बताया कि छात्राओं के लिए बी गर्ल स्टैंड का टिकट 49 रुपये रखा गया है, जिसकी बिक्री केवल ऑफलाइन होगी। ऑनलाइन टिकटों की बिक्री शुक्रवार शाम से शुरू होगी।
11 दिनों में ग्रीनपार्क में होंगे 12 मुकाबले
डॉ. संजय कपूर ने बताया कि ग्रीनपार्क में 11 दिनों के दौरान कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे। लीग का आगाज 28 अगस्त की शाम से होगा। उन्होंने कहा कि लीग का उद्देश्य अधिक से अधिक दर्शकों को स्टेडियम तक लाना और उन्हें क्रिकेट के साथ मनोरंजन का शानदार अनुभव उपलब्ध कराना है।
99 से 349 रुपये तक टिकट
ग्रीनपार्क के विभिन्न स्टैंड के लिए अलग-अलग टिकट दरें निर्धारित की गई हैं। बी गर्ल स्टैंड का टिकट 49 रुपये (केवल ऑफलाइन), जबकि बी जनरल, सी स्टॉल और ई पब्लिक स्टैंड के टिकट 99 रुपये रखे गए हैं। सी बालकनी का टिकट 149 रुपये, ए ग्राउंड पवेलियन और पवेलियन ग्राउंड के टिकट 199 रुपये तथा डी चेयर का टिकट 249 रुपये होगा। वहीं न्यू प्लेयर्स पवेलियन सेकेंड फ्लोर, ए बालकनी, पवेलियन बालकनी और वीआईपी पवेलियन के टिकट 349 रुपये में मिलेंगे।
दर्शकों को मिलेंगे रोजाना करीब 100 पुरस्कार
लीग के दौरान दर्शकों के लिए प्रतिदिन करीब 100 पुरस्कार रखे जाएंगे। ‘कैच ऑफ द मैच’ में छक्के की गेंद पकड़ने वाले दर्शक को 100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा ‘जो आएगा वो पाएगा, जो सोएगा वो खोएगा’ की तर्ज पर 200 सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। फाइनल मुकाबले में मेगा लकी ड्रॉ होगा, जिसमें टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन समेत आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रत्येक गेम में ‘फैन ऑफ द मैच’ के विजेता को विजेता टीम के कप्तान के हस्ताक्षर वाली गेंद प्रदान की जाएगी।
200 से अधिक देशों में होगा प्रसारण
यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि यूपी टी-20 लीग के मुकाबलों का प्रसारण 200 से अधिक देशों में किया जाएगा। दर्शकों को रिंकू सिंह, भुवनेश्वर कुमार, समीर रिजवी, ध्रुव जुरेल और करण शर्मा समेत कई स्टार खिलाड़ियों का खेल देखने का अवसर मिलेगा। वार्ता में संजय तिवारी और अहमद अली खान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।