दोनों वर्गों में पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन ने जीती बास्केटबॉल चैंपियनशिप

 

  • इंटर स्कूल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में युगम इंटरनेशनल और बालक वर्ग में केडीएमए को हराया

 

कानपुर, 21 अगस्त।

पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन में आयोजित पांच दिवसीय इंटर स्कूल बास्केटबॉल बॉयज/गर्ल्स प्रतियोगिता-2026 का समापन हुआ। प्रतियोगिता के बालक और बालिका दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबलों में मेजबान पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।

बालिका वर्ग में पूर्णचंद्र की एकतरफा जीत

बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन ने युगम इंटरनेशनल को 28-4 से करारी शिकस्त दी। विजेता टीम की ओर से अराना ने 13 और आरोही ने नौ अंक बनाए। पूरे मुकाबले में पूर्णचंद्र की खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया।

बालक वर्ग में केडीएमए को हराया

बालक वर्ग के फाइनल में भी पूर्ण चंद्र विद्यानिकेतन का दबदबा रहा। टीम ने केडीएमए को 63-17 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। विजेता टीम की ओर से मुदित ने 24, अंश ने 21 और जलज ने 13 अंक जुटाए। पूर्णचंद्र के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी।

जलज और अराना बने बेस्ट प्लेयर

समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को मुख्य अतिथि डॉ. अंशिका सिंह और विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश उपाध्याय ने प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान की। बालक वर्ग में जलज शर्मा और बालिका वर्ग में अराना भदौरिया को बेस्ट प्लेयर की ट्रॉफी दी गई।

जीत में विनम्रता और हार से सीखने की दी सलाह

मुख्य अतिथि डॉ. अंशिका सिंह पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन की वर्ष 2002 बैच की पूर्व छात्रा और विद्यालय की पूर्व बास्केटबॉल खिलाड़ी भी रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नियमित अभ्यास को आदत बनाना चाहिए और जीत के बाद विनम्र रहना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों को हार के कारणों पर आत्ममंथन कर भविष्य में अपनी कमियों को सुधारने की सलाह दी।

 

Leave a Comment