- अंडर-17 फाइनल में विवान डेव-अथर्व नवारंगे आमने-सामने, बालिका वर्ग में अनन्या-दिव्यांशी के बीच खिताबी भिड़ंत
कानपुर, 21 अगस्त।
यूटीटी नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में शुक्रवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) के टेबल टेनिस पैडलर सत्यम गिरी गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेन्स सिंगल्स में पश्चिम बंगाल के विनीत प्रधान को हराकर मेन ड्रॉ में जगह बना ली। वहीं अंडर-17 वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद बालक वर्ग में गुजरात के विवान डेव और कर्नाटक के अथर्व नवारंगे तथा बालिका वर्ग में दिव्यांशी और अनन्या ने फाइनल में प्रवेश किया।
विवान और अथर्व की होगी खिताबी टक्कर
अंडर-17 बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल में गुजरात के विवान डेव ने तमिलनाडु के विश्रुथ रामकृष्णन को 3-1 से हराया। विवान ने 11-7, 10-12, 11-8, 11-7 से मुकाबला अपने नाम किया। दूसरे सेमीफाइनल में कर्नाटक के अथर्व नवारंगे ने महाराष्ट्र के प्रतीक तुलसानी को 3-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। पहला गेम 7-11 से गंवाने के बाद अथर्व ने लगातार तीन गेम 11-6, 11-7 और 11-8 से जीतकर शानदार वापसी की। अब फाइनल में विवान और अथर्व आमने-सामने होंगे।
दिव्यांशी और अनन्या के बीच फाइनल
अंडर-17 बालिका वर्ग के पहले सेमीफाइनल में दिव्यांशी ने पश्चिम बंगाल की अंकोलिका चक्रवर्ती को 3-0 से पराजित किया। दिव्यांशी ने 14-12, 11-8, 11-4 से जीत दर्ज की। दूसरे सेमीफाइनल में अनन्या और महाराष्ट्र की नाइशा रेवास्कर के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। पांच गेम तक चले मैच में अनन्या ने 5-11, 16-14, 11-9, 10-12, 11-8 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। अब बालिका वर्ग के खिताबी मुकाबले में दिव्यांशी और अनन्या भिड़ेंगी।
क्वार्टर फाइनल में भी दिखा शानदार खेल
क्वार्टर फाइनल में विवान ने एम. अश्वजित को 14-12, 11-9, 11-2 से और विश्रुथ ने कौस्तब चक्रवर्ती को 11-9, 11-9, 11-5 से हराया। अथर्व ने जिश्नु बालाजी वेंकटगिरी को 11-3, 11-4, 9-11, 11-4 से तथा प्रतीक ने निलय पट्टेकर को 11-9, 11-4, 8-11, 11-6 से शिकस्त दी।
बालिका वर्ग में दिव्यांशी ने आर्या रेडकर को 11-8, 11-4, 11-6 से और अंकोलिका ने मेहर गर्ग को 11-7, 11-5, 11-7 से हराया। नाइशा ने श्रेया धर को 11-7, 13-15, 11-2, 11-4 से तथा अनन्या ने रियाना भुटा को 11-6, 13-11, 11-13, 11-9 से मात दी।
प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि डीजी पीएसी आलोक सिंह रहे। इस अवसर पर डीआईजी पीएसी अतुल शर्मा, यूपीटीटीए चेयरमैन संजीव पाठक, पीयूष अग्रवाल और संजय टंडन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता के अगले मुकाबले शनिवार को सुबह 8 बजे से खेले जाएंगे।