- यूटीटी नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में देशभर के युवा खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
कानपुर, 20 अगस्त।
द स्पोर्ट्स हब में चल रही यूटीटी नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के पांचवें दिन यूथ बॉयज और यूथ गर्ल्स अंडर-15 वर्ग के क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। देशभर से पहुंचे युवा खिलाड़ियों ने तकनीक, संयम और जुझारूपन का परिचय देते हुए दर्शकों को रोमांचित किया।
आयोजन के दौरान आयोजित कार्यक्रम में पूर्व आईएएस अधिकारी आलोक सिन्हा, भावना गुप्ता, प्रधानाचार्य सर पदमपति सिंघानिया स्कूल, मोहित यादव, डायरेक्टर सीएचएस स्कूल, यूपीटीटीए के चेयरमैन संजीव पाठक, सचिव अरुण बनर्जी, पीयूष अग्रवाल तथा द्रोणाचार्य अवॉर्ड से सम्मानित संदीप गुप्ता ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने राष्ट्रीय स्तर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करती हैं।
यूथ बॉयज अंडर-15 में प्रतीक और राजदीप का शानदार प्रदर्शन
यूथ बॉयज अंडर-15 के पहले सेमीफाइनल में महाराष्ट्र के प्रतीक ने पश्चिम बंगाल के रीशान चट्टोपाध्याय को 13-11, 11-8, 11-6 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में राजदीप और पंजाब के त्रिजल वोहरा के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। पांच गेम तक चले मुकाबले में राजदीप ने 14-12, 13-11, 7-11, 6-11, 13-11 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।
क्वार्टर फाइनल में रीशान ने गोवा के चंदन सिनाई कारो को 11-3, 9-11, 11-7, 5-11, 11-4 से हराया। प्रतीक ने पश्चिम बंगाल के सौस्वर्य बनर्जी को 5-11, 11-6, 11-4, 11-5 से शिकस्त दी। वहीं त्रिजल वोहरा ने हरियाणा के कृषिव गर्ग को 7-11, 9-11, 11-3, 11-9, 11-5 से हराया। राजदीप ने पश्चिम बंगाल के अंशुमान फ्रॉय को 11-7, 11-6, 11-3 से पराजित किया।
बालिका वर्ग में तनीष्का और सतुर्या के बीच खिताबी मुकाबला
यूथ गर्ल्स अंडर-15 में कर्नाटक की तनीष्का ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में उन्होंने पश्चिम बंगाल की शरीका शाहिद को 11-5, 11-9, 13-11 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में पश्चिम बंगाल की सतुर्या बेनर्जी ने तमिलनाडु की बी. वार्णिका को 13-11, 7-11, 12-10, 11-8 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
क्वार्टर फाइनल में तनीष्का ने पश्चिम बंगाल की तिताश चटर्जी को 11-1, 11-7, 11-6 से हराया। शरीका शाहिद ने स्रेओस्री चक्रवर्ती को 11-7, 11-9, 11-7 से शिकस्त दी। सतुर्या ने असम की दिविजा पॉल को 11-3, 11-9, 8-11, 11-6, 11-4 से हराया, जबकि बी. वार्णिका ने PSPBA की आर्या रेडकर को 13-11, 6-11, 11-8, 11-2 से पराजित किया।
पांचवें दिन के मुकाबलों में खास तौर पर अंडर-15 बालक वर्ग का पांच गेम तक चला मुकाबला आकर्षण का केंद्र रहा। खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा और बेहतरीन तकनीकी खेल ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। चैंपियनशिप में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए पूरी ताकत से प्रदर्शन कर रहे हैं।