प्रशांत अवस्थी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, भारतीय रेलवे अंडर-23 क्रिकेट टीम के चयनकर्ता बने कानपुर के वरिष्ठ क्रिकेटर

 

 

कानपुर, 20 अगस्त।

कानपुर के वरिष्ठ क्रिकेटर प्रशांत अवस्थी को भारतीय रेलवे अंडर-23 क्रिकेट टीम का चयनकर्ता नियुक्त किया गया है। चयन समिति में उनके साथ आगरा के धीरज शर्मा और छत्तीसगढ़ के अमित मिश्रा को भी शामिल किया गया है। प्रशांत अवस्थी की नियुक्ति से कानपुर के क्रिकेट जगत में खुशी की लहर है।

जूही, कानपुर निवासी प्रशांत अवस्थी उत्तर प्रदेश और भारतीय रेलवे, दोनों टीमों की ओर से प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल चुके हैं। क्रिकेट का लंबा अनुभव रखने वाले प्रशांत अवस्थी पिछले वर्ष भारतीय रेलवे की सीनियर टीम के मुख्य कोच के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभा चुके हैं। खिलाड़ी से लेकर कोच और अब चयनकर्ता की भूमिका तक का उनका सफर युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणादायक है।

वर्तमान में प्रशांत अवस्थी गुरु गोविंद सिंह क्रिकेट एकेडमी, काकादेव, कानपुर में युवा क्रिकेटरों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में कई युवा खिलाड़ी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। चयनकर्ता के रूप में नई जिम्मेदारी मिलने से उनके अनुभव का लाभ भारतीय रेलवे की अंडर-23 टीम के युवा खिलाड़ियों को भी मिलेगा।

प्रशांत अवस्थी की नियुक्ति पर कानपुर के खेल प्रेमियों, वरिष्ठ क्रिकेट कोचों, खिलाड़ियों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने हर्ष व्यक्त किया। सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और क्रिकेट की गहरी समझ से भारतीय रेलवे की अंडर-23 टीम को मजबूती मिलेगी।

 

Leave a Comment