शहीद आयुष यादव स्मृति फुटबॉल टूर्नामेंट में हर्ष स्पोर्टिंग चैंपियन

 

 

 

  • फाइनल में हर्ष स्पोर्टिंग ने रॉयल फुटबॉल क्लब को 1-0 से दी शिकस्त, प्रथम सिंह बने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
  • स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित टूर्नामेंट में 15 टीमों ने लिया हिस्सा

 

कानपुर, 17 अगस्त।

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिला फुटबॉल संघ, कानपुर नगर की ओर से 15 अगस्त को शास्त्रीनगर स्थित फुटसल ग्राउंड पर एक दिवसीय शहीद आयुष यादव स्मृति फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर की 15 टीमों ने हिस्सा लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में हर्ष स्पोर्टिंग ने रॉयल फुटबॉल क्लब को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबले में मैच के 20वें मिनट में हर्ष स्पोर्टिंग के प्रथम सिंह ने शानदार गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने गोल करने के लिए जोरदार प्रयास किए, लेकिन निर्धारित समय तक रॉयल फुटबॉल क्लब की टीम बराबरी नहीं कर सकी। इस तरह हर्ष स्पोर्टिंग ने मुकाबला जीतकर टूर्नामेंट की चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

प्रथम सिंह को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (Best Player) चुना गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन क्षेत्रीय पार्षद एवं नेशनल हॉकी खिलाड़ी विनोद गुप्ता ने किया। समापन एवं पुरस्कार वितरण नेशनल एथलीट रणवीर मालिक द्वारा किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में फुटबॉल संघ के चेयरमैन सुनील खन्ना, शहीद आयुष यादव के पिता अरुणकांत यादव, डीबी थापा, सुनील कुमार, प्रशांत कुमार, देबुजीत यादव, नेशनल रेफरी अमित नारंग समेत जिला फुटबॉल संघ के पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों की मौजूदगी रही। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को फुटबॉल के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही शहीद आयुष यादव की स्मृति को सम्मान देना रहा।

Leave a Comment