- यूपी टेबल टेनिस संघ ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को दिया आमंत्रण, टीएसएच में 23 अगस्त तक चलेगी प्रतिष्ठित प्रतियोगिता
लखनऊ/कानपुर, 11 अगस्त।
उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें कानपुर में आयोजित होने वाली प्रथम राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। प्रतियोगिता का आयोजन 16 से 23 अगस्त 2026 तक कानपुर स्थित टीएसएच (द स्पोर्ट्स हब) में किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने दिया शामिल होने का आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री से प्रतियोगिता के दौरान कानपुर आने और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने का अनुरोध किया। प्रतिनिधिमंडल की प्रार्थना पर बृजेश पाठक ने आश्वासन दिया कि वह अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होने का पूरा प्रयास करेंगे।
स्टैग की मिनी टेबल टेनिस टेबल भेंट
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ की ओर से उप मुख्यमंत्री को स्मृति-चिह्न के रूप में स्टैग की मिनी टेबल टेनिस टेबल भेंट की गई। उन्होंने प्रदेश में टेबल टेनिस सहित अन्य खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रतिनिधिमंडल में उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के चेयरमैन संजीव पाठक मौजूद रहे।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को मिलेगा प्रोत्साहन
उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ ने खेलों के प्रति उप मुख्यमंत्री के निरंतर सहयोग, प्रोत्साहन और सकारात्मक दृष्टिकोण के लिए आभार व्यक्त किया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि उप मुख्यमंत्री की प्रतियोगिता में मौजूदगी से आयोजन को नई पहचान मिलेगी और प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।