सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल बना CISCE नॉर्थ जोन अंडर-17 क्रिकेट चैंपियन

 

 

  • फाइनल में सेंट एलेशियस को पांच विकेट से हराया, विवान गांधी की घातक गेंदबाजी और अनिमेश-शिवम की उपयोगी पारियों से दर्ज की जीत

 

कानपुर, 29 जुलाई।

सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल, कैंट में आयोजित तीन दिवसीय CISCE नॉर्थ जोन अंडर-17 (बॉयज) क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब मेजबान सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल ने अपने नाम कर लिया। बुधवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में जयपुरिया स्कूल ने सेंट एलेशियस स्कूल को पांच विकेट से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

विवान गांधी की गेंदबाजी ने पलटा मैच

फाइनल में टॉस जीतकर जयपुरिया स्कूल ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट एलेशियस की टीम ने 12 ओवर में छह विकेट पर 109 रन बनाए। टीम की ओर से अर्जुन जैसवाल ने 34 गेंदों में चार छक्कों की मदद से शानदार 54 रन बनाए। जयपुरिया की ओर से विवान गांधी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 25 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट झटके।

अनिमेश, शिवम और माहीन ने दिलाई जीत

110 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जयपुरिया स्कूल ने 11.2 ओवर में पांच विकेट खोकर 111 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। अनिमेश अग्निहोत्री ने 24, शिवम डालमिया ने 22 और माहीन हसन ने 17 रनों की अहम पारियां खेलकर टीम को जीत दिलाई।

वेंडी नारामऊ ने तीसरा स्थान हासिल किया

तीसरे स्थान के मुकाबले में वेंडी नारामऊ स्कूल ने मेथोडिस्ट हाई स्कूल को आठ विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मेथोडिस्ट हाई स्कूल ने 10 ओवर में सात विकेट पर 56 रन बनाए। जवाब में वेंडी नारामऊ ने केवल छह ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से मानस ने नाबाद 37 रनों की शानदार पारी खेली।

विजेताओं को किया गया सम्मानित

प्रतियोगिता के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य गणेश तिवारी एवं जीएम शैलेंद्र अग्निहोत्री ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष वीरेन्द्र त्रिपाठी सहित सुशील चंद्रा, सौरभ श्रीवास्तव, अरुण दत्ता, शरद मिश्रा, बलविंदर सिंह, विकासदीप, अथर्व दिमान, गोविंद सिंह, राजेश मिश्रा, नायाब आलम, राजेश सिंह, मनोज सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

Leave a Comment