- तीन दिवसीय प्रतियोगिता में रागेंद्र स्वरूप स्पोर्ट्स अकादमी का दबदबा, विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र और किट बैग देकर किया सम्मानित
कानपुर, 27 जुलाई।
कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन (KBA) से मान्यता प्राप्त प्रथम रागेंद्र स्वरूप अंडर-15, अंडर-17 एवं अंडर-19 बैडमिंटन टूर्नामेंट का तीन दिवसीय आयोजन रागेंद्र स्वरूप स्पोर्ट्स अकादमी, कल्याणपुर में सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। 25 से 27 जुलाई तक चली प्रतियोगिता के समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र, बैडमिंटन किट बैग एवं टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
आरएसएसए के खिलाड़ियों का रहा दबदबा
प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेले गए फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल और बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन किया। अधिकांश वर्गों में रागेंद्र स्वरूप स्पोर्ट्स अकादमी (RSSA) के खिलाड़ियों ने अपना दबदबा कायम रखते हुए कई खिताब अपने नाम किए। बालक वर्ग में श्रेयांशू रंजन ने अंडर-15 और अंडर-17 एकल खिताब जीतकर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि अंडर-19 एकल में आयुष कुमार विजेता बने। वहीं बालिका वर्ग में श्रेयांशी रंजन ने अंडर-17 और अंडर-19 एकल का खिताब जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। टीएसएच की आराध्या मेहरोत्रा ने अंडर-15 एकल और युगल दोनों वर्गों में शानदार जीत दर्ज की।
फाइनल मुकाबलों के प्रमुख परिणाम
बालक वर्ग
अंडर-15 एकल: श्रेयांशू रंजन (RSSA) ने पार्थ जौहरी (RSSA) को 15-13, 07-15, 15-09 से हराया।
अंडर-17 एकल: श्रेयांशू रंजन ने यश तिवारी को 12-15, 15-12, 17-15 से पराजित किया।
अंडर-19 एकल: आयुष कुमार ने प्रखर मौर्य (RSSA) को 15-08, 15-12 से हराया।
अंडर-15 युगल: हम्माद खान एवं वैभव त्रिपाठी विजेता रहे।
अंडर-17 युगल: रुद्र लुथरा एवं प्रांजल ने खिताब जीता।
अंडर-19 युगल: प्रखर मौर्य एवं आयुष कुमार की जोड़ी विजेता बनी।
बालिका वर्ग
अंडर-15 एकल: आराध्या मेहरोत्रा (TSH) ने आराध्या त्रिपाठी (RSSA) को हराकर खिताब जीता।
अंडर-17 एकल: श्रेयांशी रंजन (RSSA) ने सिद्धि झा (RSSA) को पराजित किया।
अंडर-19 एकल: श्रेयांशी रंजन (RSSA) ने सिद्धि झा (RSSA) को हराकर दूसरा खिताब अपने नाम किया।
अंडर-15 युगल: आराध्या मेहरोत्रा एवं जान्या कौर (TSH) विजेता रहीं।
अंडर-17 युगल: सिद्धि झा एवं श्रेयांशी रंजन (RSSA) की जोड़ी ने खिताब जीता।
विजेताओं का हुआ सम्मान
पुरस्कार वितरण समारोह में कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन के उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह एवं महीप सक्सेना, अंतरराष्ट्रीय अंपायर एवं चीफ रेफरी रवि दीक्षित, एक्जीक्यूटिव सेक्रेटरी आशुतोष सत्यम झा, प्रदीप यादव तथा विजय दीक्षित ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र और स्मृति उपहार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अमृतांश तिवारी, सत्यम कटियार, आयुष पटेल सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं अभिभावक मौजूद रहे। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, तकनीकी अधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए विजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
