- सीआईएससीई नॉर्थ जोन क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ, पहले दिन खेले गए छह लीग मुकाबले
कानपुर, 27 जुलाई।
स्थानीय सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल, कैंट में तीन दिवसीय सीआईएससीई नॉर्थ जोन क्रिकेट (बॉयज) प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य गणेश तिवारी एवं उपप्रधानाचार्य एम.के. मिश्रा ने सेठ आनंदराम जयपुरिया और सेंट एलेशियस की टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद टॉस कराकर किया। प्रतियोगिता 27 से 29 जुलाई तक आयोजित होगी। मुख्य अतिथि का स्वागत शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष वीरेंद्र त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के सुशील चंद्रा, सौरभ श्रीवास्तव, अरुण दत्ता, शरद मिश्रा तथा कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के राजेश मिश्रा, राजेश सिंह और अजय सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
विवान गांधी की विस्फोटक बल्लेबाजी बनी आकर्षण
उद्घाटन मुकाबले में सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और सेंट एलेशियस को 9 विकेट से हराकर विजयी शुरुआत की। दिन के अंतिम लीग मुकाबले में जयपुरिया ने कात्यान पब्लिक स्कूल को 10 विकेट से हराकर अपने पूल में प्रथम स्थान हासिल किया। इस मैच में विवान गांधी ने केवल 15 गेंदों में 60 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 9 छक्के और एक चौका शामिल रहा। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी पहले दिन का मुख्य आकर्षण रही।
पहले दिन के मुकाबलों के परिणाम
सेठ आनंदराम जयपुरिया ने सेंट एलेशियस को 9 विकेट से हराया। विवान गांधी ने 38 रन बनाए।
कात्यान पब्लिक स्कूल ने जे.एन. शाह, उन्नाव को 8 विकेट से हराया। दृश्य प्रधान ने 19 रन का योगदान दिया।
मेथोडिस्ट हाई स्कूल ने वेंडी नारा, मऊ को 9 विकेट से पराजित किया। अमन सिंह ने 25 रन बनाए।
सेंट एलेशियस ने जे.एन. शाह को 8 विकेट से हराया। अर्जुन ने 17 रन का योगदान दिया।
वेंडी नारा, मऊ ने डॉ. वीरेंद्र स्वरूप, अवधपुरी को 10 विकेट से हराया। चाहत राजपूत ने 31 रन बनाए।
सेठ आनंदराम जयपुरिया ने कात्यान पब्लिक स्कूल को 10 विकेट से हराकर अपने पूल में पहला स्थान प्राप्त किया। विवान गांधी ने 15 गेंदों में 60 रन की आतिशी पारी खेली।
कल होंगे लीग और सेमीफाइनल मुकाबले
प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को सुबह 8 बजे से शेष लीग मुकाबलों के साथ दोनों सेमीफाइनल खेले जाएंगे। विजेता टीमें फाइनल में जगह बनाने के लिए अपना दमखम दिखाएंगी।